पेपर लीक मामलों पर सरकार पर बरसे विधायक सुमित हृदयेश, बोले- युवाओं के भविष्य से हो रहा खिलवाड़
हल्द्वानी। उत्तराखंड में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को लेकर कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बार-बार प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होना पूरी शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े करता है और इससे लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लग रहा है।
हल्द्वानी में मीडिया से बातचीत के दौरान विधायक सुमित हृदयेश ने आरोप लगाया कि हर बार पेपर लीक की घटना सामने आने के बाद जांच के आदेश तो दिए जाते हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और दोषियों के खिलाफ ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने कहा कि केवल जांच की घोषणा कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने कहा कि छोटे स्तर की भर्ती परीक्षाओं से लेकर बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं तक पेपर लीक की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों का मनोबल टूट रहा है। वर्षों तक कठिन परिश्रम करने वाले युवाओं को ऐसे मामलों के कारण निराशा का सामना करना पड़ रहा है।
सुमित हृदयेश ने कहा कि आज देशभर में छात्र जिस तरह आंदोलन कर रहे हैं, वह इसी भ्रष्ट और लापरवाह व्यवस्था का परिणाम है। छात्र केवल अपनी मेहनत के अनुरूप न्याय और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि पेपर लीक मामलों में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही ऐसी मजबूत और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे भविष्य में प्रश्नपत्र लीक जैसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लग सके और युवाओं का परीक्षा प्रणाली पर विश्वास बहाल हो।


