तिकोनिया चौराहे पर पुलिस-छात्रों में धक्का-मुक्की, डीएम कार्यालय पहुंचकर सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
हल्द्वानी। दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध की गूंज अब हल्द्वानी में भी सुनाई दी। शुक्रवार को बड़ी संख्या में छात्र एमबीपीजी कॉलेज से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की प्रतीकात्मक अर्थी लेकर सड़कों पर उतर आए और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी छात्र जुलूस के रूप में तिकोनिया चौराहे की ओर बढ़ रहे थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके चलते छात्रों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हो गई। मौके पर कुछ समय के लिए हंगामे की स्थिति बन गई। इसी दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से प्रतीकात्मक अर्थी अपने कब्जे में ले ली, जिससे छात्र और अधिक आक्रोशित हो गए।
इसके बाद छात्र डीएम कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। हंगामे के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
वहीं, पुलिस प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रहा और स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए लगातार प्रयास करता रहा।


