35 बोरियों में नोट, सोने की छड़ें और बिस्किट… पूर्व बस ड्राइवर के घर इतना कैश, गिनते-गिनते 5 मशीनें भी बंद
अवैध खनन और राजस्व चोरी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस का बड़ा खुलासा, मवेशी तस्करी मामले से भी जुड़ चुका है आरोपी का नाम
कोलकाता/बीरभूम। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस की छापेमारी के दौरान ऐसा नजारा सामने आया, जिसने अधिकारियों को भी हैरान कर दिया। एक पूर्व सरकारी बस चालक के घर से करीब 20 करोड़ रुपये नकद और 15 किलो सोना बरामद किया गया। नोटों की मात्रा इतनी अधिक थी कि उन्हें गिनने के लिए पांच नोट गिनने वाली मशीनें मंगानी पड़ीं, लेकिन लगातार चलने के कारण मशीनें भी बीच में बंद हो गईं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान मीनार मंडल उर्फ टुल्लू मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन के रूप में हुई है। उसका बीरभूम के देवचा गांव में दो मंजिला मकान है, जहां छापेमारी के दौरान कई बोरियों में भरी नकदी और भारी मात्रा में सोना बरामद हुआ।
14 सोने की छड़ें और 10 बिस्कुट बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को एक-एक किलो वजन की 14 सोने की छड़ें और 100-100 ग्राम के 10 सोने के बिस्कुट मिले। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 21.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। नकदी और सोने को सुरक्षित ले जाने के लिए पुलिस को लोहे के पांच बड़े बक्से मंगवाने पड़े।
पूर्व बस चालक से बना रेत और पत्थर कारोबार का बड़ा कारोबारी
पुलिस के मुताबिक, मीनार मंडल पहले नॉर्थ बंगाल स्टेट ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NBSTC) में बस चालक था। बाद में उसने नौकरी छोड़ दी और अपने रिश्तेदार के पत्थर कारोबार से जुड़ गया। कुछ ही वर्षों में वह बीरभूम के पत्थर और रेत कारोबार का बड़ा नाम बन गया। विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने उसे कथित तौर पर “बालू माफिया” का संचालक बताया है।
पहले भी जांच एजेंसियों के रडार पर रहा आरोपी
मीनार मंडल का नाम पहले भी करोड़ों रुपये के मवेशी तस्करी मामले की सीबीआई जांच में सामने आ चुका है। अगस्त 2022 में सीबीआई ने उसके कार्यालय, गोदाम और अन्य संपत्तियों पर छापेमारी की थी। इसके बाद नवंबर 2022 में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उसे पूछताछ के लिए दिल्ली तलब किया था।
हालांकि, ईडी के समन के 48 घंटे के भीतर ही बीरभूम पुलिस ने उसे वर्ष 2022 के एक हत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया था। बाद में जमानत मिलने के बाद वह कथित तौर पर इस वर्ष मई में राज्य चुनाव परिणाम आने के बाद से भूमिगत हो गया था।
पुलिस हिरासत में आरोपी और बेटा
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मीनार मंडल और उसके बेटे को घर से ही हिरासत में ले लिया। दोनों से पूछताछ कर यह जानकारी जुटाई जा रही है कि कहीं और भी नकदी या अन्य संपत्ति छिपाकर तो नहीं रखी गई है।
अवैध खनन पर जारी है कार्रवाई
बताया जा रहा है कि बीरभूम जिले में लंबे समय से अवैध पत्थर खनन, राजस्व चोरी और संगठित अपराध को लेकर जांच चल रही है। इसी अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में भारी मात्रा में नकदी और सोना बरामद होने से हड़कंप मच गया है।
पुलिस और जांच एजेंसियां अब आरोपी की आय के स्रोत, अवैध कारोबार और अन्य संभावित ठिकानों की भी जांच कर रही हैं।


