सांस्कृतिक समिति की पहल से संगीत शिक्षा को मिलेगा नया आयाम, प्रारम्भिक व प्रवेशिका वर्ग के लिए प्रवेश शुरू
रिपोर्टर : बलवंत सिंह रावत
रानीखेत। नगर में संगीत और संस्कृति को नई पहचान देने की दिशा में सांस्कृतिक समिति ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘नाद संगीत महाविद्यालय’ का विधिवत शुभारंभ कर दिया है। सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में संचालित इस केंद्र के माध्यम से बच्चों और महिलाओं को शास्त्रीय संगीत, लोक गायन, कथक नृत्य, हारमोनियम तथा तबला वादन की विधिवत शिक्षा प्रदान की जाएगी।
सांस्कृतिक समिति के प्रयासों से शुरू हुए इस संगीत केंद्र का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय शास्त्रीय संगीत और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। समिति ने बताया कि पिछले वर्ष भी गांधर्व संगीत महाविद्यालय, मुंबई के पाठ्यक्रम के तहत एक बैच ने प्रारम्भिक वर्ग की परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की थी। वर्तमान में प्रारम्भिक एवं प्रवेशिका वर्ग की कक्षाएं नियमित रूप से संचालित हो रही हैं, जबकि इस वर्ष कथक और गायन के साथ-साथ हारमोनियम एवं तबला वादन सीखने के प्रति भी विद्यार्थियों में उत्साह देखा जा रहा है। इन दिनों नए विद्यार्थियों के लिए प्रवेश फार्म भी भरे जा रहे हैं।
सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष विमल सती ने बताया कि समिति ने पिछले वर्ष से ही नगर में संगीत का माहौल विकसित करने की दिशा में कार्य शुरू कर दिया था। इसी क्रम में कथक कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें गुजरात से आए प्रसिद्ध प्रशिक्षक जिगर रजनीकांत भट्ट तथा प्रो. निष्ठा देसाई ने बच्चों और महिलाओं को कथक नृत्य का प्रशिक्षण दिया।
उन्होंने कहा कि नाद संगीत महाविद्यालय की स्थापना से संगीत, गायन, नृत्य और वादन में रुचि रखने वाले बच्चों एवं महिलाओं को अब स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण संगीत शिक्षा का अवसर मिलेगा। संगीत का नियमित रियाज बच्चों में एकाग्रता, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करेगा, वहीं भविष्य में करियर के नए अवसर भी उपलब्ध कराएगा। इसके अलावा कामकाजी महिलाओं को अपनी कलात्मक प्रतिभा और रुचियों को पुनर्जीवित करने के लिए एक सशक्त मंच मिलेगा।
विमल सती ने नगर के बच्चों और महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में संगीत शिक्षा से जुड़ने की अपील करते हुए सांस्कृतिक समिति की ओर से मुख्य प्रशिक्षक जिगर रजनीकांत भट्ट, नृत्य शिक्षिका प्रो. निष्ठा देसाई तथा परीक्षा केंद्र गाजियाबाद के नियामक तरुण गोयल के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रवेशिका वर्ग की वीना राणा, कविता बिष्ट, बबीता रावत, शिवी उप्रेती एवं उन्मुक्त पालीवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


