ताड़ीखेत में 10 अगस्त से शुरू होंगी मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना की खेल प्रतियोगिताएं, तैयारियां पूरी

Share the News

ताड़ीखेत।  मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम योजना के अंतर्गत विकासखंड ताड़ीखेत एवं नगरपालिका क्षेत्र की खेल प्रतियोगिताओं की तिथियां घोषित कर दी गई हैं।

प्रतियोगिताओं का आयोजन 10 से 13 अगस्त तक श्रद्धानंद खेल मैदान, ताड़ीखेत में किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

ब्लॉक क्रीड़ा समन्वयक डॉ. शिवराज सिंह बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिताएं 14–17 वर्ष, 17–19 वर्ष, 19–21 वर्ष तथा 21–23 वर्ष आयु वर्ग में आयोजित की जाएंगी। ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं 10 एवं 11 अगस्त को आयोजित होंगी, जबकि नगरपालिका स्तरीय प्रतियोगिताएं 12 एवं 13 अगस्त को संपन्न कराई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों को आवेदन पत्र के साथ आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, स्वयं की बैंक पासबुक तथा स्थायी निवास प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। सभी अभिलेखों के सत्यापन के बाद ही प्रतिभागियों को प्रतियोगिता में शामिल किया जाएगा।

डॉ. बिष्ट ने कहा कि प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ ही निर्णायकों एवं आयोजन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके दायित्वों की जानकारी भी दे दी गई है, ताकि प्रतियोगिताएं निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सकें।

उन्होंने क्षेत्र के अधिक से अधिक खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह योजना युवा खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करती है। उन्होंने खिलाड़ियों से समय पर अपने आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेज जमा कर प्रतियोगिता में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

See also  अल्मोड़ा : ताड़ीखेत की न्याय पंचायत जैनोली में आयोजित हुआ बहुउद्देशीय शिविर
error: Content is protected !!