जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने चौखुटिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण

Share the News

चौखुटिया सीएचसी का डीएम अंशुल सिंह ने किया औचक निरीक्षण, मरीजों से लिया फीडबैक; भवन मरम्मत के लिए आगणन तैयार करने के निर्देश

रिपोर्टर: बलवंत सिंह रावत 

रानीखेत/चौखुटिया। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बुधवार को चौखुटिया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, आधारभूत सुविधाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर, भवन की स्थिति और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान ओपीडी, विभिन्न वार्डों, उपचार कक्षों, शौचालयों और अस्पताल की अन्य इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने संचालित हो रहे ऑपरेशन थिएटर का भी जायजा लिया तथा वहां उपलब्ध उपकरणों, संसाधनों और कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। साथ ही अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता और सेवाओं की स्थिति का भी मूल्यांकन किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उपचार के लिए आए लोगों से सीधे संवाद कर चिकित्सा सेवाओं, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई, चिकित्सकों की उपस्थिति और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया। मरीजों द्वारा बताई गई समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अस्पताल भवन की स्थिति का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्यों के लिए शीघ्र विस्तृत आगणन (एस्टीमेट) तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भवन संबंधी कमियों का समयबद्ध समाधान किया जाए ताकि मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि अस्पतालों में स्वच्छता, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं हर हाल में सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी हरीश कुमार पंत, उपजिलाधिकारी सुनील कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

See also  उत्तराखंड के ऐतिहासिक मेले में थूक कर रोटी बनाने का वीडियो वायरल,मचा बवाल,पुलिस ने लिया ये एक्शन
error: Content is protected !!