तड़ागताल में आयोजित सेवा पखवाड़ा शिविर में 954 लोगों ने किया प्रतिभाग
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश
रिपोर्टर : बलवंत सिंह रावत
अल्मोड़ा/चौखुटिया। केंद्र एवं राज्य सरकार की “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” थीम के अंतर्गत संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत बुधवार को विकासखंड चौखुटिया के राजकीय इंटर कॉलेज तड़ागताल में सेवा पखवाड़ा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने स्वयं उपस्थित होकर आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में क्षेत्र के लोगों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। कुल 954 लोगों ने शिविर का लाभ उठाया। विभिन्न विभागों से संबंधित 191 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 182 आवेदनों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शिविर के दौरान नागरिक सुविधाओं को सरल और सुलभ बनाने के उद्देश्य से 33 आधार कार्डों में संशोधन एवं अद्यतन की प्रक्रिया भी मौके पर ही पूरी की गई। इसके अलावा विभिन्न विभागों ने पात्र लाभार्थियों को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिविर स्थल पर ही दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनाने की व्यवस्था की गई, जिससे पात्र लोगों को बिना किसी अतिरिक्त परेशानी के तत्काल प्रमाण-पत्र उपलब्ध हो सके।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने भी लोगों से सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की तथा प्रशासन की इस पहल को जनहित में महत्वपूर्ण बताया।
शिविर में विधायक मदन बिष्ट, राज्य मंत्री (दर्जा प्राप्त) महेश्वर सिंह मेहरा, ब्लॉक प्रमुख चेतना नेगी, राज्य पलायन निवारण आयोग के सदस्य अनिल शाही सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


