रानीखेत में 3 सितंबर को सजेगा ‘क्यूट कान्हा’ का दरबार, तीन आयु वर्गों में होगी प्रतियोगिता

Share the News

रानीखेत। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सांस्कृतिक समिति रानीखेत की ओर से विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए ‘क्यूट कान्हा प्रतियोगिता’ का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता को इस बार भी भव्य रूप देने के लिए समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। आयोजन को लेकर सांस्कृतिक समिति की बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

रजत गिरी रेस्टोरेंट में सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष विमल सती की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आगामी 3 सितंबर, गुरुवार को शिव मंदिर, रानीखेत में ‘क्यूट कान्हा प्रतियोगिता’ आयोजित की जाएगी।

समिति के अनुसार प्रतियोगिता को पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी तीन आयु वर्गों में आयोजित किया जाएगा। इसमें 0 से 1 वर्ष, 1 से 3 वर्ष तथा 3 से 5 वर्ष आयु वर्ग के नन्हे प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों के पंजीकरण के लिए जन्म प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही पंजीकरण शुल्क 50 रुपये निर्धारित किया गया है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा, जिससे बच्चों का उत्साह बढ़े और अभिभावक भी बड़ी संख्या में अपने बच्चों को प्रतियोगिता में शामिल कराएं। जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप से जोड़ने के साथ ही उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास को मंच प्रदान करती है।

गौरतलब है कि ‘क्यूट कान्हा प्रतियोगिता’ का आयोजन वर्ष 2018 से लगातार किया जाता रहा है। पिछले वर्षों में भी रानीखेत में इस आयोजन को लेकर बच्चों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला है। समिति का प्रयास है कि इस वर्ष कार्यक्रम को और आकर्षक एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जाए।

बैठक का संचालन सांस्कृतिक समिति के महासचिव गौरव भट्ट ने किया। इस अवसर पर समिति के संरक्षक हरीश लाल शाह, उपाध्यक्ष राजेंद्र पंत, कोषाध्यक्ष गौरव तिवारी, उप सचिव दीपक पंत सहित पंकज साह, शुभम अग्रवाल, डॉ. विनीता खाती, गीता जोशी और रीना वर्मा मौजूद रहे।

समिति पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ तैयारियों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। जन्माष्टमी के मौके पर शिव मंदिर में आयोजित होने वाली क्यूट कान्हा प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र के नन्हे प्रतिभागियों और उनके अभिभावकों में अभी से उत्सुकता बनी हुई है।

See also  अल्मोड़ा में 10 अप्रैल को ‘दिशा’ समिति की बैठक, केंद्रीय योजनाओं की होगी समीक्षा
error: Content is protected !!