रानीखेत में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, SSB महानिरीक्षक अमित कुमार ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

Share the News

रिपोर्टर : बलवंत सिंह रावत 

रानीखेत। सीमांत मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), रानीखेत में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महानिरीक्षक सीमांत रानीखेत अमित कुमार द्वारा शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।

इसके बाद उन्होंने सीमांत मुख्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा अधिकारियों और जवानों को संबोधित किया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महानिरीक्षक अमित कुमार ने बल के विभिन्न पदकों से अलंकृत अधिकारियों एवं जवानों को शुभकामनाएं दीं। इसके उपरांत उन्होंने सशस्त्र सीमा बल के सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं जवानों से मुलाकात कर उन्हें भी स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।

सीमाओं की सुरक्षा के साथ सीमावर्ती लोगों के कल्याण का संकल्प

अपने संबोधन में महानिरीक्षक अमित कुमार ने उत्तराखंड सहित देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सशस्त्र सीमा बल पूरी सत्यनिष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के कल्याण के लिए भी हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों और सुरक्षा बलों के बीच बेहतर संबंध बेहद महत्वपूर्ण हैं। सीमावर्ती नागरिक खुश और सुरक्षित रहेंगे तो सुरक्षा बलों का मनोबल भी ऊंचा रहेगा और देश की सीमाओं की सुरक्षा और अधिक मजबूती से की जा सकेगी।

मानव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

महानिरीक्षक ने विगत वर्ष में सशस्त्र सीमा बल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत-नेपाल और भारत-भूटान अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा के अतिरिक्त बल ने नक्सल विरोधी अभियानों, जम्मू-कश्मीर में आंतरिक सुरक्षा, चुनाव ड्यूटी, अमरनाथ यात्रा तथा राहत एवं बचाव कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

आसूचना आधारित कार्रवाई के तहत 45 मानव तस्करी के मामलों में 52 पीड़ितों को मुक्त कराया गया, जबकि 32 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि बल सुरक्षा दायित्वों के साथ-साथ ‘जन मन जीतने’ के उद्देश्य से भी लगातार कार्य कर रहा है।

2026 में अब तक ₹54.74 लाख भारतीय मुद्रा और 41.87 किलो मादक पदार्थ जब्त

महानिरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक रानीखेत सीमांत द्वारा 116 मामलों में कार्रवाई करते हुए ₹54.74 लाख भारतीय मुद्रा, ₹8.09 लाख विदेशी मुद्रा तथा 41.87 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया है। इन कार्रवाइयों में 136 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने कहा कि सीमाओं पर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आसूचना तंत्र को मजबूत करते हुए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

सीमावर्ती गांवों में चलाए जा रहे कल्याणकारी कार्यक्रम

एसएसबी द्वारा सीमावर्ती और सुदूर क्षेत्रों में नागरिक कल्याण कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य भी किया जा रहा है। इसके तहत मानव एवं पशु चिकित्सा शिविर, कौशल विकास कार्यक्रम और जागरूकता अभियान आयोजित किए गए।

विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाकर उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। इन प्रयासों का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने के साथ सुरक्षा बल और स्थानीय नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।

उत्कृष्ट कार्य के लिए अधिकारियों-जवानों को सम्मान

वर्ष 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं कर्तव्यपरायणता के लिए सीमांत रानीखेत के 18 अधिकारियों एवं कार्मिकों को महानिदेशक गोल्डन एवं सिल्वर डिस्क से सम्मानित किया गया। वहीं 11 अधिकारियों एवं कार्मिकों को महानिदेशक प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में स्कूली बच्चों, सेवानिवृत्त अधिकारियों, मीडियाकर्मियों, वरिष्ठ अधिकारियों और एसएसबी के जवानों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। पूरे परिसर में देशभक्ति और राष्ट्र गौरव का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर दुर्गा बहादुर सोनार (उप-महानिरीक्षक), उप-महानिरीक्षक परीक्षित बेहरा, उप-महानिरीक्षक सुरेश सुब्रमणयम, उप-महानिरीक्षक चिकित्सा अधिकारी चंद्रका हयाँकी, कमांडेंट गोविंद सिंह भण्डारी, कमांडेंट देवशीस पाल, द्वितीय कमान अधिकारी कुमार सुंदरम, उप कमांडेंट प्रभाकर, अधिशासी अभियंता जसवीर सिंह, सहायक कमांडेंट गोविंद सिंह बोरा, सहायक अभियंता रितेश कुमार सिंह, संदीक्षा सदस्य, स्कूल के छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण सहित सशस्त्र सीमा बल के अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।

See also  महाविद्यालय रानीखेत में राज्य स्थापना के रजत जयंती समारोह को धूमधाम से मनाया गया
error: Content is protected !!