रानीखेत: मां नंदा-सुनंदा अंतर-विद्यालय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में CMS का दबदबा, केंद्रीय विद्यालय को हराकर जीती ट्रॉफी

रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत। मां नंदा-सुनंदा अंतर-विद्यालय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का खिताब चिल्ड्रंस एकेडमी कॉन्वेंट स्कूल (CMS) रानीखेत ने अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में CMS और केंद्रीय विद्यालय रानीखेत के बीच रोमांचक एवं कड़ा संघर्ष देखने को मिला। CMS की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय विद्यालय को 21-16, 21-15 और 21-18 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

प्रतियोगिता के मुख्य संयोजक भूपेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि विद्यालयी स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के कुल 16 विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित किया।

फाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक और संतुलित खेल का प्रदर्शन किया। CMS के खिलाड़ियों ने लगातार तीनों सेटों में बढ़त बनाए रखी और अंततः मुकाबला अपने नाम किया। केंद्रीय विद्यालय की टीम ने भी कड़ी चुनौती पेश की, लेकिन CMS के खिलाड़ियों ने महत्वपूर्ण मौकों पर बेहतर तालमेल और खेल कौशल का परिचय देते हुए जीत हासिल की।

फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त पूर्व उप जिला क्रीड़ा अधिकारी जुबेद अहमद रहे। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता टीम को भरत पांडे ने ट्रॉफी प्रदान की, जबकि उपविजेता केंद्रीय विद्यालय रानीखेत की टीम को कमलेश बिष्ट ने ट्रॉफी प्रदान की।

नमन गोदियाल बने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

प्रतियोगिता में CMS के खिलाड़ी नमन गोदियाल ने अपने शानदार प्रदर्शन से प्रभावित किया। उनके उत्कृष्ट खेल के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार प्रदान किया गया। यह पुरस्कार मुख्य संयोजक भूपेंद्र परिहार ने प्रदान किया।

वहीं प्रतियोगिता में अनुशासन और खेल भावना के लिए राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिड़ियानौला को सबसे अनुशासित टीम का पुरस्कार दिया गया। यह पुरस्कार सुदर्शन कुमार द्वारा प्रदान किया गया।

दोनों टीमों को खेल किट देने की घोषणा

समापन समारोह में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष प्रभात रावत ने विजेता एवं उपविजेता दोनों टीमों को खेल किट उपलब्ध कराने की घोषणा की। इस घोषणा का खिलाड़ियों और आयोजकों ने स्वागत किया।

जल्द आयोजित होगी अंडर-14 वॉलीबॉल प्रतियोगिता

मुख्य आयोजक भूपेंद्र परिहार ने कहा कि विद्यालयी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से प्रतियोगिताओं का आयोजन आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही रानीखेत में अंडर-14 विद्यालय स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इससे कम उम्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम के मंच का सफल संचालन राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के व्यायाम अध्यापक मनमोहन देव ने किया।

समापन अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख हीरा रावत, विमल भट्ट, महेश आर्य, अल्मोड़ा फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष हरीश कनवाल, नंदा-सुनंदा महोत्सव समिति के संरक्षक हरीश लाल शाह, ग्राम प्रधान ऋतु आर्य, महेंद्र रावत, राजेश कुमार, यतीश रौतेला, संतोष भट्ट, दीप पंत, गौरव भट्ट, अंकुर जयाल, अजय चंद, दिव्यांश जोशी, दीपक पंत, विपुल पवार, हेम भंडारी, हितेश नेगी, विनोद कुमार, विनय कुमार, दीपक मेहरा, ललित बिष्ट और नरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, शिक्षक, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन से रानीखेत क्षेत्र में विद्यालयी खेलों को बढ़ावा देने और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में इसे देखा गया।

See also  ससुराल वालों से परेशान होकर रेडियोथेरेपिस्ट ने 15वीं मंजिल से कूदकर दी जान
error: Content is protected !!