रानीखेत विधानसभा 50 से निर्दलीय प्रत्याशी प्रभात रावत के नेतृत्व में धूमधाम से निकाली गई विशाल तिरंगा यात्रा, गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान।
रिपोर्ट- बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर रानीखेत में राष्ट्रप्रेम और एकता का अनूठा जज्बा देखने को मिला। रानीखेत विधानसभा 50 से निर्दलीय प्रत्याशी प्रभात रावत के नेतृत्व में क्षेत्र में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में स्थानीय लोगों और युवाओं ने हाथों में तिरंगा थामकर देशभक्ति के नारे लगाए।
यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र का माहौल ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के जयघोष से गुंजायमान रहा। तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों के बीच राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना था।
इस अवसर पर क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए प्रभात रावत ने कहा, “यह तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी एकजुटता और राष्ट्र के प्रति निष्ठा का प्रतीक है। देश की प्रगति के लिए हम सभी का एकजुट होना बेहद आवश्यक है। जल्द ही हमारी टीम गांव-गांव जाकर एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाएगी, ताकि हर नागरिक देश के विकास में अपना योगदान दे सके।”
उन्होंने आगे कहा कि हमारा मुख्य लक्ष्य आने वाली भावी पीढ़ियों के लिए एक मजबूत, समृद्ध और पूर्ण रूप से विकसित भारत का निर्माण करना है। इसके लिए समाज के हर वर्ग को मिलकर प्रयास करने होंगे।
कार्यक्रम के अंत में क्षेत्र के विकास और समृद्धि का संकल्प लिया गया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख बबली मेहरा, जिला पंचायत सदस्य हिमांशु कुमार, छात्र संघ अध्यक्ष हर्षित रौतेला, भारत मेहरा, गोविन्द सिंह रावत, चन्दन सिंह रावत सहित क्षेत्रीय ग्रामीण जनता व छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।







