सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानीखेत में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, विद्यार्थियों को ट्रैक सूट व पेंसिल बॉक्स वितरित

Share the News

रानीखेत। सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानीखेत में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके उपरांत विद्यालय परिसर में विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।

विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति की भावना को अभिव्यक्त किया। बच्चों द्वारा देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ-साथ विभिन्न नृत्य कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को याद करते हुए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।

इस अवसर पर विद्यालय को विभिन्न समाजसेवियों एवं महानुभावों द्वारा सहयोग और अनुदान भी प्रदान किया गया। स्वर्गीय आनंद शर्मा की स्मृति में शर्मा बुक डिपो की ओर से विद्यालय के छात्र-छात्राओं को पेंसिल बॉक्स वितरित किए गए। वहीं, विगत वर्षों की भांति श्री रोहित रावत ने अपनी माता की स्मृति में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को ट्रैक सूट प्रदान किए।

इसके अतिरिक्त मुख्य अतिथि सी.एस. जैन द्वारा विद्यालय को 5 हजार रुपये की सहयोग राशि भी प्रदान की गई। विद्यालय परिवार ने सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन होता है तथा शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, प्रबंधक दीप भगत, अजय कृष्ण शर्मा, प्रकाश भगत, हरीश आर्य, मुख्य अतिथि सी.एस. जैन एवं श्रीमती वीणा जैन, गिरीश भगत, दीपक वैला, पूरन बिष्ट सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

विद्यालय परिवार की ओर से प्रभारी प्रधानाध्यापक हेमंत रिखाड़ी, सहायक अध्यापिका संगीता सिंघल, रीना रानी, पल्लवी, बबीता, गीता तथा रवि पपनै सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं और कर्मचारी कार्यक्रम में मौजूद रहे। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

See also  नैनीताल: कैंची धाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं का लगा जमावड़ा,लगी लंबी कतारें, चप्पे-चप्पे पर तैनात रहा पुलिस बल
error: Content is protected !!