डीएसबी परिसर में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने किया ध्वजारोहण

Share the News

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में 79वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी तथा उपस्थित शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में कुलपति प्रो. रावत ने कहा कि देश के युवाओं को अपनी ऊर्जा का सकारात्मक दिशा में उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत आज विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की अस्मिता, गौरव और पहचान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है और प्रत्येक भारतीय के लिए तिरंगा सम्मान एवं प्रेरणा का स्रोत है।

इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजय पंत ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। परिसर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत केपी हॉस्टल की छात्राओं ने मनमोहक देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं एनसीसी कैडेट्स ने एनसीसी गीत एवं राष्ट्रगीत की प्रस्तुति देकर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।

कार्यक्रम में एएनओ डॉ. रितेश साह के नेतृत्व में 5 नेवल एनसीसी कैडेट्स द्वारा कुलपति को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया, जिसकी सभी ने सराहना की।

समारोह के अंत में उपस्थित सभी लोगों को मिष्ठान वितरण किया गया। कार्यक्रम में परिसर के प्राध्यापक, कर्मचारी, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। स्वतंत्रता दिवस के इस आयोजन ने परिसर में देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और अधिक मजबूत किया।

See also  नौकरी के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा! कोर्ट के आदेश पर दो महिलाओं पर मुकदमा दर्ज, जानें पूरा मामला
error: Content is protected !!