द्वाराहाट में कलश यात्रा के साथ श्रीमद् देवी भागवत महापुराण का भव्य शुभारंभ, 26 अगस्त को होगा विशाल भंडारा

Share the News

नागार्जुन द्वाराहाट में कलश यात्रा के साथ ‘श्रीमद् देवी भागवत’ कथा का शुभारंभ, विधायक मदन बिष्ट ने किया उद्घाटन।

रिपोर्टर बलवंत सिंह रावत 

रानीखेत/द्वाराहाट। श्री नागनाथ विष्णु मंदिर, नागार्जुन में सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ हुआ। धार्मिक आयोजन के उद्घाटन अवसर पर क्षेत्रीय विधायक मदन सिंह बिष्ट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने रिबन काटकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया तथा आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के आरंभ में निकाली गई कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालुओं द्वारा लगाए गए जय माता दी और धार्मिक जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। कलश यात्रा के बाद वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ कथा का शुभारंभ किया गया।

कथा के प्रथम दिवस में पूज्य कथावाचक गणेश दत्त शास्त्री ने श्रीमद् देवी भागवत महापुराण के आध्यात्मिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देवी भागवत का श्रवण मानव जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, आध्यात्मिक जागरूकता और धर्म के प्रति आस्था को मजबूत करता है। कथा के दौरान श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा और भक्ति भाव से उपस्थित रहे।

आयोजन समिति के अनुसार श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा का आयोजन 18 अगस्त से 26 अगस्त तक प्रतिदिन अपराह्न 1 बजे से सायं 4 बजे तक किया जाएगा। इस दौरान पूज्य गणेश दत्त शास्त्री प्रतिदिन श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराएंगे।

कार्यक्रम का समापन 26 अगस्त को यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ होगा। इसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने तथा पूर्णाहुति एवं भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।

इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, मंदिर समिति के पदाधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य, ब्लॉक अध्यक्ष द्वाराहाट दिगंबर सिंह बिष्ट, नवीन मैनाली, दीपक बिष्ट, पंकज सिंह बिष्ट, राहुल कैड़ा, संतोष चौधरी सहित क्षेत्रीय जनता उपस्थित रहे।

See also  लालकुआं : एम.आई.ई.टी. कुमाऊँ कॉलेज द्वारा हैट कलिका इंटर कॉलेज, बिन्दुखत्ता में बाल दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन 
error: Content is protected !!