जिला स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में चमके मोहम्मद अनस, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन

Share the News

राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिड़ियानौला के छात्र मोहम्मद अनस का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन।

रिपोर्टर-बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत। अल्मोड़ा के हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिड़िया नौला के कक्षा नौ में अध्ययनरत छात्र मोहम्मद अनस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले की टीम में अपनी जगह बनाई है। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन आगामी राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता के लिए किया गया है। अनस के चयन से विद्यालय सहित क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

विद्यालय के खेल प्रशिक्षक एवं मोहम्मद अनस के कोच मनमोहन सिंह देव ने बताया कि अनस ने प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक वर्ग में पूरे आत्मविश्वास और बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए जिले की टीम में स्थान सुनिश्चित किया। अब मोहम्मद अनस राज्य स्तर पर अल्मोड़ा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन सितंबर माह के दूसरे सप्ताह में चंपावत में प्रस्तावित है। राज्य स्तर की प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से प्रतिभावान खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। अनस के चयन से उनके परिजनों, शिक्षकों और खेल प्रेमियों में उत्साह है। सभी ने उम्मीद जताई कि वह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन करेंगे।

मोहम्मद अनस की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश कुमार त्रिपाठी, दीपा आर्य, क्षेत्रीय विधायक प्रमोद नैनवाल, ब्लॉक खेल समन्वयक डॉ. शिवराज बिष्ट, पूर्व ब्लॉक प्रमुख हीरा रावत, राजकीय शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष भोपाल चीलवाल सहित गणेश शाही, कुंदन कंवल, पंकज तमता, डॉ. राहुल त्यागी, दिगंबर बिष्ट, मृदुला, राजीव खाती, चंदन मेहरा, संतोष भट्ट, अजय चंद कुंवर पपने आदि ने हर्ष व्यक्त किया।

उन्होंने मोहम्मद अनस को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर अनस भविष्य में खेल के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।

See also  रानीखेत : अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने हेतु कांग्रेस कमेटी का कैंडल मार्च
error: Content is protected !!