भाजपा सरकार के विकास के दावों की खुली पोल, कांग्रेस ने बदहाल सड़क पर किया पौधारोपण।
रिपोर्ट- बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। केमू स्टेशन से विजय चौक तक मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर मंगलवार को रानीखेत कांग्रेस कमेटी ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पौधारोपण कर शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान सड़क की दुर्दशा की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार और क्षेत्रीय विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर सोशल मीडिया के माध्यम से विकास कार्यों का गुणगान किया जा रहा है, जबकि दूसरी ओर रानीखेत शहर की मुख्य सड़क की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण वाहनों का संचालन तो प्रभावित हो ही रहा है, वहीं आम लोगों के लिए पैदल चलना भी मुश्किल होता जा रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि केमू स्टेशन से विजय चौक तक का मार्ग शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल है और इस सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, व्यापारी और राहगीर गुजरते हैं। लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भरने से स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
नेताओं ने आरोप लगाया कि सड़क की बदहाल स्थिति सरकार के विकास संबंधी दावों की जमीनी हकीकत को उजागर कर रही है। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनता लंबे समय से सड़क के सुधारीकरण की मांग कर रही है, लेकिन इसके बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।
कांग्रेस ने शासन-प्रशासन से मांग की कि केमू स्टेशन से विजय चौक तक मुख्य सड़क का शीघ्र सुधारीकरण और आवश्यक निर्माण कार्य कराया जाए, ताकि स्थानीय लोगों, व्यापारियों और राहगीरों को राहत मिल सके।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो जनहित से जुड़े इस मुद्दे को लेकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस अवसर पर महिला नगर अध्यक्ष नेहा माहरा, कोऑर्डिनेटर कुलदीप कुमार, यूथ विधानसभा अध्यक्ष अंकिता पंत, महासचिव कुसुम जोशी, जिला प्रवक्ता दीपक पंत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीप उपाध्यक्ष, विजय तिवारी, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी, जीतन जयाल, संदीप बंसल, त्रिलोक आर्या, रमेश पंत सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।





