रानीखेत में गणेश महोत्सव का भव्य शुभारंभ, निकली गणपति जी की भव्य शोभायात्रा।
रिपोर्टर — बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। श्री गणपति जी की भव्य एवं भक्तिमय शोभायात्रा के साथ रानीखेत नगर में गणेश महोत्सव का शुभारंभ हो गया। श्री श्री 1008 श्री मौनी महाराज जी की प्रेरणा एवं आशीर्वाद से आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। ढोल-नगाड़ों और गणपति बप्पा के जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा ने पूरे नगर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
तपोवन बद्रीव्यू से भगवान गणपति की शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया। शोभायात्रा नगर के मुख्य बाजारों और विभिन्न मार्गों से होकर श्री पंचेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। अपराह्न में शुरू हुई शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। जगह-जगह भगवान गणपति के जयकारे गूंजते रहे और श्रद्धालु भक्ति भाव से शोभायात्रा में शामिल हुए।
इस दौरान गणेश मंडल के सदस्यों ने आयोजन में पहुंचे अतिथियों का पारंपरिक रूप से पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी ने गणेश महोत्सव के शुभारंभ को और अधिक भव्य बना दिया।
शोभायात्रा के श्री पंचेश्वर महादेव मंदिर परिसर पहुंचने के बाद पूजा पंडाल में भगवान गणपति की प्रतिमा की विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्राण प्रतिष्ठा की गई। इसके बाद गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई।
गणेश महोत्सव समिति के रामचंद्र मराठा ने बताया कि गणेश महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सोमवार सायंकाल रात्रि 7 बजे से भगवान गणपति की विशेष आरती आयोजित की जाएगी, जिसमें क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई है।
करन माहरा ने दी गणेश महोत्सव की शुभकामनाएं
गणेश महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर सीडब्ल्यूसी सदस्य एवं उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं को गणेश महोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि भगवान श्री गणेश को विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता के रूप में पूजा जाता है। गणेश महोत्सव का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए तथा क्षेत्र में आपसी भाईचारा और सद्भाव और अधिक मजबूत हो, यही उनकी कामना है।
करन माहरा ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ ही समाज में एकता और भाईचारे की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने गणपति बप्पा से सभी लोगों के जीवन में सुख-समृद्धि प्रदान करने तथा उनके सभी विघ्नों को दूर करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर पीसीसी सदस्य कैलाश पांडे, योगेश साह, कुलदीप कुमार, जयंत रौतेला सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणेश मंडल के सदस्य मौजूद रहे।





