रानीखेत महासंघ में छात्र राजनीति को नई दिशा: नवनिर्वाचित छात्रसंघ अध्यक्ष व उपाध्यक्ष NSUI में शामिल।
रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। स्व. जयदत्त वैला राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत की छात्र राजनीति में बुधवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला। महाविद्यालय छात्रसंघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष विनीत कुँवार्बी और उपाध्यक्ष कार्तिक सती ने आधिकारिक रूप से एनएसयूआई (NSUI) की सदस्यता ग्रहण कर ली। दोनों छात्र नेताओं के संगठन से जुड़ने के बाद महाविद्यालय की छात्र राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) सदस्य एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा की कार्यशैली, विचारधारा और छात्रहित से जुड़े मुद्दों को लेकर उनके दृष्टिकोण से प्रभावित होकर एनएसयूआई में शामिल होने का निर्णय लिया।
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने दोनों नवनिर्वाचित छात्र नेताओं का फूल-मालाओं से स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान संगठन से जुड़े नेताओं ने कहा कि विनीत कुँवार्बी और कार्तिक सती के एनएसयूआई से जुड़ने से महाविद्यालय में छात्रहित से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए संगठन को मजबूती मिलेगी।
दोनों छात्र नेताओं ने संगठन के साथ मिलकर महाविद्यालय के विद्यार्थियों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने और छात्रहित से जुड़े मुद्दों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष अरुण रावत, कुलदीप कुमार, पान सिंह कुँवार्बी, रुद्र प्रताप माहरा, जीतन जयाल, सूरज कुँवार्बी समेत कई कार्यकर्ता और छात्र मौजूद रहे।
नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों के एनएसयूआई में शामिल होने को महाविद्यालय की आगामी छात्र राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।


