रानीखेत कांग्रेस कमेटी ने श्रद्धापूर्वक मनाई इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि एवं सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती।
कांग्रेस कार्यालय में आयोजित हुआ श्रद्धांजलि एवं स्मरण कार्यक्रम, लोकतंत्र, संविधान और देश की एकता-अखंडता की रक्षा का लिया संकल्प
रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। रानीखेत कांग्रेस कमेटी की ओर से भारत की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि एवं देश के लौह पुरुष, भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि एवं स्मरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कांग्रेस कार्यालय, डोलिया पहाड़ी के निकट आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग कर दोनों महान नेताओं को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कांग्रेसजनों ने इंदिरा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान वक्ताओं ने दोनों महान विभूतियों के जीवन संघर्ष, त्याग, साहसिक निर्णयों और देश के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को याद करते हुए उनके विचारों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताया।
वक्ताओं ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपने दृढ़ नेतृत्व, राजनीतिक इच्छाशक्ति और साहसिक निर्णयों के माध्यम से देश की राजनीति एवं विकास को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की मजबूत पहचान स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका नेतृत्व और देश के प्रति समर्पण सदैव याद किया जाता रहेगा।
वहीं, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश को एक सूत्र में पिरोने और विभिन्न रियासतों का भारत में विलय कराने में उनकी ऐतिहासिक भूमिका रही। उनकी अदम्य इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और दृढ़ संकल्प के चलते भारत की एकता एवं अखंडता को मजबूती मिली। सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रहित और राष्ट्रीय एकता के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने दोनों महान नेताओं के आदर्शों एवं विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। साथ ही देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहने की बात कही।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष अरुण रावत, पीसीसी सदस्य कैलाश पांडेय, एससी जिलाध्यक्ष गुसाईं राम, महिला जिलाध्यक्ष गीता पवार, चिलियानौला नगर अध्यक्ष कमलेश बोरा, गोपाल सिंह देव, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी, हेमंत बिष्ट, जीतन जयाल, भूपेंद्र कुमार, सुरेंद्र पवार, रुद्र माहरा, दीपेश जोशी एवं सूरज कुँवार्बी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।


