राष्ट्रीय एकता दिवस पर एसएसबी रानीखेत में गूंजा एकता और देशभक्ति का संदेश, अधिकारियों व जवानों ने लगाई एकता दौड़

सीमांत मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल रानीखेत में राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन।

रिपोर्ट- बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत। सीमांत मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) रानीखेत में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर एसएसबी के अधिकारियों और जवानों ने देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और आंतरिक सुरक्षा को बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के दौरान विशेष शपथ समारोह के साथ ‘एकता दौड़’ (रन फॉर यूनिटी) का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों से लेकर जवानों तक ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ प्रतिभाग किया।

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सीमांत मुख्यालय परिसर में आयोजित विशेष शपथ समारोह में महानिरीक्षक अमित कुमार ने उपस्थित अधिकारियों एवं बल कार्मिकों को देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ दिलाई। सभी कार्मिकों ने राष्ट्र की एकता और सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

इस दौरान महानिरीक्षक अमित कुमार ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व के चलते देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण संभव हो सका और अखंड भारत की मजबूत नींव तैयार हुई।

उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के विचार और आदर्श आज भी देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने के लिए प्रासंगिक हैं। एक सीमा प्रहरी के रूप में एसएसबी के प्रत्येक जवान की जिम्मेदारी केवल देश की सीमाओं की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के भीतर आपसी सौहार्द, सामाजिक समरसता, शांति और राष्ट्रीय एकता बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका है।

महानिरीक्षक ने सभी अधिकारियों और जवानों से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन और सेवाकाल में आत्मसात करें तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के जज्बे से सराबोर नजर आया। अधिकारियों और जवानों की सामूहिक भागीदारी ने यह संदेश दिया कि देश की मजबूती उसकी एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे में निहित है।

एकता दौड़ के समापन पर सभी बल कार्मिकों ने राष्ट्र की संप्रभुता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प दोहराया। एसएसबी रानीखेत में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करने का अवसर बना, बल्कि जवानों में राष्ट्रसेवा, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करने का संदेश भी दे गया।

See also  वीकेंड पर पर्यटकों से गुलजार नैनीताल, बर्फबारी देख पर्यटकों के खिले चेहरे
error: Content is protected !!