रानीखेत भाजपा में टिकट की जंग शुरू! विधायक प्रमोद नैनवाल समेत 12 नेताओं ने ठोकी दावेदारी
केन्द्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने की रायशुमारी, मौजूदा विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल की मौजूदगी में कई नेताओं ने जताई चुनाव लड़ने की इच्छा
रिपोर्ट- बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव में अभी समय बाकी है, लेकिन भाजपा के भीतर विधानसभा टिकट को लेकर दावेदारों की सक्रियता लगातार बढ़ने लगी है। इसी क्रम में बुधवार को केन्द्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा रानीखेत पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी की कोर कमेटी के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और रानीखेत विधानसभा सीट को लेकर पार्टी नेताओं से रायशुमारी की।
चिलियानौला स्थित हिमाद्री पर्यटक आवास गृह में आयोजित इस बैठक को रानीखेत विधानसभा क्षेत्र की आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक के दौरान भाजपा के विभिन्न पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने अपनी राजनीतिक सक्रियता और चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर करते हुए विधानसभा टिकट के लिए अपनी-अपनी दावेदारी प्रस्तुत की।
बैठक की खास बात यह रही कि रानीखेत के मौजूदा विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल भी इस दौरान मौजूद रहे। उनकी मौजूदगी में ही पार्टी के कई अन्य नेताओं ने अपनी दावेदारी सामने रखी। इससे स्पष्ट है कि रानीखेत विधानसभा सीट पर भाजपा के भीतर टिकट को लेकर अभी से प्रतिस्पर्धा तेज होने लगी है।
12 नेताओं ने पेश की दावेदारी
रानीखेत विधानसभा सीट से टिकट के लिए सामने आए नामों में वर्तमान विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल के साथ राज्यमंत्री कैलाश पंत, जिला कार्यकारिणी सदस्य दीप भगत, दीप पाण्डेय, गिरीश भगत, जिला पंचायत सदस्य शान्ति उप्रेती, वरिष्ठ भाजपा नेता मोहन नेगी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख धन सिंह रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य बिमला रावत, पूर्व जिला उपाध्यक्ष प्रमोद रावत, पूर्व जिला अध्यक्ष लीला बिष्ट और नगर पालिका चिलियानौला के मनोनीत सदस्य रोहित शर्मा शामिल हैं।
इन नेताओं की ओर से दावेदारी सामने आने के बाद रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की आंतरिक राजनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। खासकर मौजूदा विधायक के रहते बड़ी संख्या में नेताओं का टिकट के लिए अपनी इच्छा जाहिर करना राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
संगठन की रायशुमारी से तय होगी आगे की रणनीति
केन्द्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा की ओर से की गई इस रायशुमारी को पार्टी के आगामी चुनावी समीकरणों और संगठनात्मक तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। भाजपा नेतृत्व विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की स्थिति, स्थानीय नेताओं की सक्रियता, जनाधार और संगठन के भीतर उनकी स्वीकार्यता जैसे विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर चुनावी रणनीति तैयार करने में जुटा है।
हालांकि, बैठक में दावेदारी पेश करने वाले नेताओं में से किसे पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी बनाया जाएगा, इसका फैसला अभी भविष्य के गर्भ में है। फिलहाल रानीखेत विधानसभा सीट पर एक ओर मौजूदा विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल की दावेदारी है, तो दूसरी ओर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि भी टिकट की दौड़ में अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुके हैं।
अब देखना होगा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा नेतृत्व रानीखेत सीट पर किस चेहरे पर भरोसा जताता है। फिलहाल कोर कमेटी की बैठक के बाद रानीखेत भाजपा में टिकट को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।


