पोस्टर प्रतियोगिता में दिखी राष्ट्रभक्ति और विकसित भारत@2047 की झलक, 40 छात्र-छात्राओं ने लिया भाग

Share the News

रानीखेत। अखिल भारतीय शिक्षा समागम 2026 एवं भारत सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत स्वर्गीय श्री जयदत्त वैला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीखेत में सोमवार को कॉन्फ्रेंस हॉल में डिजिटल एवं पारंपरिक पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के करीब 40 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा और राष्ट्रभावना का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत@2047’, नई शिक्षा नीति (NEP) 2020, ‘हर घर तिरंगा’, राष्ट्रीय एकता तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों को पोस्टरों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। डिजिटल पोस्टरों में विद्यार्थियों ने तकनीकी दक्षता और रचनात्मक सोच का परिचय दिया, वहीं पारंपरिक पोस्टरों के माध्यम से तिरंगे के प्रति सम्मान, देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

डिजिटल पोस्टर प्रतियोगिता में बी.ए. पंचम सेमेस्टर की मुस्कान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बी.ए. पंचम सेमेस्टर की सुमन द्वितीय तथा बी.ए. तृतीय सेमेस्टर की शगुन पंत तृतीय स्थान पर रहीं।

वहीं तिरंगा प्रेरित पोस्टर प्रतियोगिता में एम.ए. प्रथम सेमेस्टर की टीना ने प्रथम, बी.ए. तृतीय सेमेस्टर की शगुन पंत ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बी.ए. पंचम सेमेस्टर की मुस्कान एवं बी.ए. प्रथम सेमेस्टर के अक्षय ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडे ने विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना, सृजनात्मक सोच, अभिव्यक्ति की क्षमता और डिजिटल दक्षता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी की रचनात्मक ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. प्राची जोशी, डॉ. लोतिका अमित, डॉ. अनुराग श्रीवास्तव एवं डॉ. सुदर्शन कुमार शामिल रहे। निर्णायकों ने विद्यार्थियों के पोस्टरों की विषयवस्तु, रचनात्मकता, प्रस्तुतीकरण एवं संदेशपरकता के आधार पर मूल्यांकन किया।

इस अवसर पर छात्र संघ अध्यक्ष हर्षित रौतेला एवं सचिव गौरव तिवारी ने भी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उन्हें रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

पोस्टर प्रतियोगिता की संयोजक डॉ. लक्ष्मी देवी ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति को राष्ट्रीय चेतना और सामाजिक सहभागिता से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. पारुल ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण डॉ. शंकर कुमार, डॉ. सत्यमित्र, डॉ. कोमल गुप्ता, डॉ. रेखा भट्ट, डॉ. हिमानी नेगी, डॉ. निधि शर्मा, डॉ. आस्था, नमन तिवारी, बबीता पांडेय एवं जिज्ञासा परमार सहित NSS एवं NCC कैडेट्स तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

पोस्टर प्रतियोगिता के दौरान महाविद्यालय परिसर में राष्ट्रभावना और उत्साह का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में तिरंगे के प्रति सम्मान, देश की एकता-अखंडता, नई शिक्षा नीति की उपलब्धियों और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प की स्पष्ट झलक दिखाई दी। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

See also  नैनीताल डीएसए मैदान में 38वें राष्ट्रीय महिला और पुरुष तीन दिवसीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया
error: Content is protected !!