हल्द्वानी। राजधानी गैरसैंण बनाने की मांग को लेकर बुद्ध पार्क में पिछले 23 दिन से चल रहा अनशन आज भी जारी रहा। अनशन स्थल पर ही राज्य स्थापना दिवस मनाया गया।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि जो राज्य हमने मांगा था, वो राज्य नहीं बना। उस राज्य की पूरी अवधारणा को केंद्रित कर दिया गया है। देश के राष्ट्रीय राजनीतिक दलों की यहाँ पर कठपुतलियां राज कर रही हैं, जिससे जनता में भारी रोष और असंतोष व्याप्त है। खेती चौपट हो चुकी है।
वक्ताओं ने कहा कि अंकिता कांड इस बात का प्रमाण हो गया है कि उत्तराखंड राज्य में जो वीआईपी राज है, उससे राज्य की अवधारणा पूरी तौर पर नष्ट हो गई है। और जिन वीआईपीस को अपराधों से बचाना है, उनको राज्यपाल बनाया जा रहा है। ये घटना राज्य की अवधारणा पर भारी चोट करती है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्रमिक अनशन पर बैठे श्री कार्तिक उपाध्याय एवं श्री अमीनुर रहमान साहब सहित अनेक वरिष्ठ नेतागण उपस्थित रहे। वक्ताओं ने विस्तार से अपनी बात रखी:
श्री पी.सी. तिवारी जी ने कहा:
गैरसैंण का अर्थ क्या है, गैरसैंण की अवधारणा क्या है और राजधानी गैरसैंण ही क्यों होनी चाहिए, इस विषय पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गैरसैंण केवल एक भौगोलिक स्थान नहीं है, बल्कि उत्तराखंड की आत्मा, पहाड़ की अस्मिता और संतुलित विकास की अवधारणा है।
श्री विनोद प्रसाद रतूड़ी जी ने कहा:
स्थाई राजधानी गैरसैंण समिति द्वारा चलाए गए आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी तथा अधिकारियों और कर्मचारियों की नाकामी के कारण आज तक गैरसैंण स्थाई राजधानी नहीं बन पाई। इन 26 सालों में उत्तराखंड का हाल बेहाल हुआ है और राज्य अपने मूल उद्देश्यों से भटक गया है।
श्री अमीनुर रहमान साहब ने कहा:
मैं स्वयं राज्य आंदोलनकारी था और हमने राज्य की स्थापना इसलिए की थी कि इसकी राजधानी गैरसैंण हो। लेकिन 26 साल बाद भी हमारे प्रदेश की कोई स्थाई राजधानी नहीं है। यह आंदोलनकारियों के सपनों के साथ विश्वासघात है।
श्री कार्तिक उपाध्याय जी ने कहा:
इन 26 सालों में विभिन्न सरकारों द्वारा किए गए भ्रष्टाचार पर बात की। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और बेइंसाफी आज भी जारी है। जो लोग गरीब थे, जो प्रधान तक नहीं बन सकते थे, वे विधायक और मंत्री बन गए और उन्होंने इन 26 सालों में राज्य का बेहाल कर दिया है।
श्री हरीश रावत जी ने कहा:
यह राज्य 42 शहादतों के बाद मिला था। इन 26 वर्षों में राजनीतिक राष्ट्रीय पार्टियों ने उत्तराखंड को अय्याशी का अड्डा बना दिया है। बाहरी राज्यों से आए बड़े ठेकेदारों और माफियाओं के हितों के लिए राज्य का प्रयोग हुआ है, राज्य का उपयोग हुआ है। शहीदों के सपनों का राज्य बनाने के बजाय राज्य को लूट का माध्यम बना दिया गया है।
अंत में सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाने, भ्रष्टाचार पर रोक लगाने और राज्य आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए संघर्ष और अनशन जारी रहेगा।





