गनियाद्योली SSB कैंप के पास डंपिंग ज़ोन में लगी भीषण आग, एक कार जलकर राख, दूसरी आंशिक क्षतिग्रस्त; फायर ब्रिगेड ने पाया काबू।
रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। गनियाद्योली स्थित एसएसबी (SSB) कैंप के समीप मंगलवार रात डंपिंग जोन में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास में खड़ी दो गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आने से एक आल्टो कार पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि दूसरी गाड़ी भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और दूसरी गाड़ी को पूरी तरह जलने से बचा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 8:25 बजे फायर स्टेशन को सीयूजी (CUG) नंबर पर गनियाद्योली एसएसबी कैंप के पास स्थित डंपिंग जोन में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एफएसएसओ गणेश चंद्र के नेतृत्व में फायर यूनिट की टीम तत्काल अग्निशमन वाहन के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गई।
मौके पर पहुंचने पर फायर कर्मियों ने देखा कि डंपिंग जोन के पास लगी आग तेजी से फैल चुकी थी। आग की चपेट में आकर वहां खड़ी आल्टो कार संख्या UK 01 TA 2669 पूरी तरह जल चुकी थी। वहीं, पास में खड़ी दूसरी गाड़ी संख्या UK 01 B 4961 भी आग की लपटों से घिरकर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला और एक होज पाइप की सहायता से आग पर पानी की तेज बौछारें डालनी शुरू कर दीं। काफी मशक्कत के बाद टीम ने आग को पूरी तरह बुझा दिया। अग्निशमन कर्मियों की तत्परता के चलते आग को आसपास फैलने से रोक लिया गया और दूसरी गाड़ी को पूरी तरह जलने से बचा लिया गया।
घटना के दौरान स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। डंपिंग जोन में अचानक आग लगने से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हालांकि, समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम के पहुंचने और त्वरित कार्रवाई करने से एक बड़े हादसे को टाल दिया गया।
आग बुझाने वाली टीम में एफएसएसओ गणेश चंद्र के नेतृत्व में लीडिंग फायरमैन खीमानंद और उमेश गौड़, चालक बलवंत सिंह और दयाधर ध्यानी तथा फायरमैन दीपक सिंह शामिल रहे। फिलहाल घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।





