भाजपा नेता अनिल शाही ने क्षेत्रीय विधायक के कार्यकाल को बताया निराशाजनक, गिनाईं सरकार की उपलब्धियां।

भाजपा पूरी तरह एकजुट, हाईकमान के हर फैसले का होगा सम्मान: अनिल शाही।

रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत/द्वाराहाट। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अनिल शाही ने क्षेत्रीय विधायक मदन सिंह बिष्ट के कार्यकाल को निराशाजनक बताया है। मीडिया को जारी बयान में उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में हार के बावजूद उन्होंने क्षेत्र के विकास से मुंह नहीं मोड़ा और लगातार मुख्यमंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं स्वीकृत करवाई हैं।

अनिल शाही ने दावा किया कि उनके प्रयासों से क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते विधायक को जो विकास कार्य करने चाहिए थे, वे धरातल पर नजर नहीं आ रहे हैं, जिससे जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

चौखुटिया में विभिन्न मांगों को लेकर चले आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आंदोलनकारियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए लगभग सभी प्रमुख मांगों पर संज्ञान लिया और उन्हें पूरा किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो कुछ एक मांगें शेष रह गई हैं, वे केवल कुछ तकनीकी (टेक्निकल) समस्याओं के कारण रुकी हुई हैं और उन पर भी कार्यवाही जारी है।

वहीं आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा नेता अनिल शाही ने दावा किया है कि द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से एकजुट है और आने वाले चुनाव में पार्टी का ही विधायक बनने जा रहा है।

मीडिया को जारी बयान में अनिल शाही ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी में टिकट को लेकर किसी भी प्रकार का कोई मतभेद नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधानसभा चुनाव में भाजपा हाईकमान द्वाराहाट सीट से जिस भी प्रत्याशी को टिकट देकर मैदान में उतारेगा, सभी कार्यकर्ता बिना किसी भेदभाव के एकजुट होकर उसे जिताने का काम करेंगे।

शाही ने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से द्वाराहाट में इस बार कमल खिलना तय है।

See also  NEET पेपर लीक में बीजेपी नेता और भाई गिरफ्तार, 30 लाख में खरीदा था प्रश्नपत्र: SOG का दावा
error: Content is protected !!