भीमताल। भाजपा विधायक राम सिंह कैड़ा एक बार फिर चर्चाओं में हैं। जहां विधायक पर एक डॉक्टर ने अभद्र व्यवहार और दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. जगदीप सिंह पटपटिया ने स्वास्थ्य विभाग के निदेशक को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि पहाड़ी क्षेत्र में आयोजित एक स्वास्थ्य शिविर के दौरान विधायक ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि विधायक द्वारा फोन पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से भी कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा में बात की गई और धमकाया गया।
डॉ. पटपटिया द्वारा लिखा गया यह पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद मामले ने राजनैतिक तूल पकड़ लिया है।
इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेता एवं पूर्व राज्य मंत्री हरीश पनेरू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा विधायक राम सिंह कैड़ा पर तीखा जुबानी हमला बोला।
उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करी।




















