रानीखेत। आर्थिक सहायता वितरण में कथित अनियमितताओं को लेकर रानीखेत कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ग्राम बमस्यू में प्रदेश सरकार और क्षेत्रीय विधायक के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार एवं क्षेत्रीय विधायक का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया और आर्थिक सहायता वितरण में पारदर्शिता की मांग उठाई।
कार्यक्रम का नेतृत्व कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) सदस्य करन माहरा ने किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा दी जाने वाली आर्थिक सहायता का उद्देश्य जरूरतमंद और पीड़ित लोगों को राहत पहुंचाना होता है, लेकिन यदि इसके वितरण में कथित अनियमितताएं होती हैं तो यह जनभावनाओं के साथ अन्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि पात्र लोगों को सहायता से वंचित किया जा रहा है, जो बेहद गंभीर मामला है।
करन माहरा ने कहा कि कांग्रेस गरीब, जरूरतमंद और पात्र लोगों के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी। उन्होंने सरकार से आर्थिक सहायता वितरण की निष्पक्ष जांच कराने, पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और सभी पात्र लाभार्थियों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार और क्षेत्रीय विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कथित अनियमितताओं पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस जनहित में आंदोलन को और तेज करेगी।
कार्यक्रम का संचालन गोपाल सिंह देव ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष प्रेम अधिकारी, न्याय पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र सिंह करायत, महिला जिलाध्यक्ष गीता पवार, ग्राम प्रधान जैनोली, नवीन प्रकाश, रुद्र माहरा, मनोज कोरंगा, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, बागम्बर सिंह मेहरा, प्रेम विक्की मेहरा, गोविंद फर्त्याल, नंदन सिंह मेहरा, खुशाल मेहरा, नवीन मेहरा, हेमा मेहरा, गीता माहरा, पार्वती करायत, रघुवर सिंह बिष्ट, भीम सिंह मेहरा, पूरन मेहरा, चंदन सिंह करायत, दयाल राम, ललित मेहरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


