विराट हिन्दू सम्मेलन पर कांग्रेस का तीखा हमला, बेटियों पर अपराधों पर मौन को बताया दोहरा चरित्र

Share the News

रानीखेत। सकल सनातन हिन्दू समिति द्वारा आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन को लेकर कांग्रेस ने तीखे सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि हिंदूवाद और सनातन धर्म की बात करने वाले संगठन और भाजपा से जुड़े नेता तब चुप्पी साध लेते हैं, जब उत्तराखंड की बेटियों के साथ जघन्य अपराध होते हैं।

कांग्रेस ने बताया कि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के निर्देशानुसार वितरित लीफलेट में अंकिता भंडारी हत्याकांड सहित कई मामलों का उल्लेख किया गया है। इनमें संतरेसा में 14 वर्षीय बच्ची से बलात्कार, सल्ट में 13 वर्षीय बच्ची के यौन शोषण, चम्पावत, लालकुआं और देहरादून जैसे क्षेत्रों के मामले शामिल हैं, जिनमें भाजपा से जुड़े लोग दोषी पाए गए।

कांग्रेस का आरोप है कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में पुतला दहन करने वाले संगठन, अपने ही देश और राज्य में भाजपा से जुड़े लोगों द्वारा किए गए अपराधों पर चुप क्यों रहते हैं। पार्टी ने सवाल उठाया कि ऐसे समय में इनका सनातनी प्रेम और नारी सम्मान का दावा कहां चला जाता है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि विराट हिन्दू सम्मेलन आयोजित किए जा सकते हैं, तो उत्तराखंड की बेटियों की सुरक्षा, न्याय और सम्मान के लिए भी एक बड़ा सामाजिक सम्मेलन होना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि धर्म का वास्तविक अर्थ अन्याय के खिलाफ खड़े होना है, न कि केवल आयोजन करना।

इस दौरान महिला जिलाध्यक्ष गीता पवार, महिला नगर अध्यक्ष नेहा माहरा, यूथ विधानसभा अध्यक्ष अंकिता पंत, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल सिंह देव, पंकज गुरुरानी, दीप उपाध्याय, विजय तिवारी, रुद्र माहरा सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

See also  रानीखेत: स्व. जय दत्त वैला महाविद्यालय में शिक्षक अभिभावक संघ की बैठक आयोजित
error: Content is protected !!