राजधानी देहरादून में भाजपा नेता भी सुरक्षित नहीं, राजधानी में कैफे से लौट रहे बीजेपी नेता की हत्या और अपहरण की कोशिश
देहरादून। राजधानी में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। हर्ष वालिया पर कार चढ़ाकर हत्या की कोशिश और उसके बाद अपहरण का प्रयास किया गया। घटना पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र की बताई जा रही है।
पीड़ित के अनुसार, वह गौतम कुंड के पास एक कैफे से लौट रहे थे, तभी पीछे से आई एक आई-20 कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि कार से उतरे युवकों ने उनके सिर पर पिस्टल तान दी। इसी बीच दूसरी कार में सवार कुछ और युवक पहुंचे और उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने की कोशिश करने लगे।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले क्लेमनटाउन थाना क्षेत्र में कुछ युवकों से उसकी कहासुनी हुई थी, जहां उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।

