हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। गुसाईपुर निवासी एक महिला के बंद घर को निशाना बनाते हुए चोर लाखों रुपये के जेवरात ले उड़े। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुसाईपुर निवासी तुलसी बिष्ट ने बताया कि वह 18 अप्रैल को अपने बेटे के साथ पैतृक गांव लमगड़ा (अल्मोड़ा) गई थीं। 20 अप्रैल को जब वह वापस लौटीं तो घर के मुख्य दरवाजे के ताले टूटे मिले और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
जांच करने पर अलमारी से सोने का मंगलसूत्र, हार, टप्स और चांदी की पायल सहित करीब 9 लाख रुपये के जेवर गायब मिले। महिला ने बताया कि यह सभी जेवर उन्होंने वर्षों की मेहनत से जोड़े थे।
पीड़िता एक गत्ता फैक्ट्री में पैकिंग का काम करती हैं। उनके पति का कुछ साल पहले निधन हो चुका है और उनका बेटा कक्षा नौ का छात्र है। घटना के बाद परिवार सदमे में है।
थानाध्यक्ष सुशील जोशी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा करने का भरोसा जताया है।

