रानीखेत में जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

दो दिवसीय जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

जे एंड जे सिटी मॉन्टेसरी उच्च माध्यमिक विद्यालय, गनियाद्योली, रानीखेत 

रिपोर्टर– बलवन्त सिंह रावत   

रानीखेत। जे एंड जे सिटी मॉन्टेसरी उच्च माध्यमिक विद्यालय, गनियाद्योली, रानीखेत के परिसर में मंगलवार को दो दिवसीय जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन ब्लॉक क्रीड़ा समन्वयक श्री शिवराज सिंह एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री विनोद खुल्बे ने किया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं।

उद्घाटन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद खुल्बे ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रभारियों का स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, आत्मविश्वास, साहस और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से विद्यार्थियों में मानसिक दृढ़ता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और आत्मविश्वास का भी विकास होता है।

वहीं ब्लॉक क्रीड़ा समन्वयक शिवराज सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ताइक्वांडो जैसे खेल विद्यार्थियों को आत्मरक्षा के साथ-साथ अनुशासन और संघर्ष करने की भावना भी सिखाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और खेल भावना के साथ मुकाबलों में हिस्सा लेने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने ताइक्वांडो के अलग-अलग मुकाबलों में अपने कौशल, तकनीक, शारीरिक क्षमता और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। मुकाबलों को लेकर विद्यालय परिसर में पूरे दिन उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। खिलाड़ी अपनी-अपनी तैयारियों के साथ मुकाबलों में उतरे और जीत हासिल करने के लिए जोरदार प्रदर्शन करते नजर आए।

इन खिलाड़ियों ने हासिल की जीत

प्रतियोगिता के विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 41 से 45 किलोग्राम भार वर्ग में समीर चंद, 45 से 48 किलोग्राम में आदित्य श्रीवास्तव, 48 से 51 किलोग्राम में करण सिंह, 51 से 55 किलोग्राम में रोशन कनौजिया तथा 55 से 59 किलोग्राम भार वर्ग में भूपेंद्र सिंह विजयी रहे।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षक एवं खेल प्रभारी भी मौजूद रहे। इनमें श्रीमती कामाक्षी कांडपाल (रा.उ.मा.वि. ईड़ा), श्री दीपेश उपाध्याय (रा.इ.का. नौगांव, कफड़ा), श्री धीरज साहू (रा.इ.का. द्वारसों), श्री वीरेंद्र सिंह नेगी (रा.इ.का. गणनाथ), श्रीमती पूनम बिष्ट (रा.इ.का. स्यालीधार), श्री मनमोहन सिंह (रा.उ.मा.वि. चिलियानौला), श्री राजीव खान (रा.इ.का. देवलीखेत), श्री अजय चंद (मिशन इंटर कॉलेज, रानीखेत), श्री संतोष भट्ट (रा.उ.मा.वि. पनघट), श्री चंदन सिंह मेहरा (रा.इ.का. रधुलीपीपल), श्रीमती गीता शर्मा (रा.बा.इ.का. रानीखेत), श्रीमती लीला जोशी (जूनियर हाईस्कूल पान) तथा श्री तोषार कांडपाल (रा.इ.का. द्वाराहाट) सहित अन्य शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

दो दिवसीय इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें जिला एवं उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।

अंत में विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, खेल प्रभारियों एवं उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया और प्रतियोगिता के सफल एवं गरिमापूर्ण आयोजन की कामना की।

See also  आर्मी पब्लिक स्कूल, रानीखेत में कारगिल विजय दिवस पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन
error: Content is protected !!