रानीखेत में ‘वंदे मातरम अभियान’ के तहत गूंजा देशभक्ति का संदेश, SSB ने निकाली हर घर तिरंगा साइकिल रैली

Share the News

रिपोर्टर बलवंत सिंह रावत 

रानीखेत। देशप्रेम, राष्ट्रीय चेतना और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल (SSB) सीमान्त मुख्यालय, रानीखेत में 12 अगस्त 2026 को ‘वंदे मातरम अभियान’ के अंतर्गत विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय नागरिकों और युवाओं में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ तथा राष्ट्रीय ध्वज के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम का आयोजन महानिरीक्षक अमित कुमार के कुशल एवं प्रेरणादायी निर्देशन में किया गया। अभियान के तहत ‘हर घर तिरंगा’ जागरूकता साइकिल रैली का आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। रैली को उप महानिरीक्षक परिक्षित बेहरा ने हरी झंडी दिखाकर सीमान्त मुख्यालय से रवाना किया।

साइकिल रैली में SSB के अधिकारियों और जवानों ने पूरे जोश एवं अनुशासन के साथ प्रतिभाग किया। रैली गनियाधोली होते हुए रानीखेत बाजार के मुख्य मार्ग से गुजरी और ऐतिहासिक तिरंगा चौक पहुंची। इसके बाद रैली थपला गांव पहुंची, जहां स्थानीय नागरिकों को राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया गया। रैली निर्धारित मार्ग से होते हुए पुनः सीमान्त मुख्यालय पहुंची, जहां उत्साहपूर्वक इसका समापन किया गया।

इस दौरान सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने स्थानीय नागरिकों के बीच राष्ट्रीय ध्वज का वितरण किया। नागरिकों को अपने-अपने घरों में तिरंगा सम्मानपूर्वक लगाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान बनाए रखने के प्रति भी जागरूक किया गया।

अभियान के माध्यम से SSB ने लोगों से राष्ट्रध्वज को केवल एक प्रतीक के रूप में नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव के प्रतीक के रूप में सम्मान देने का आह्वान किया। रैली के दौरान अधिकारियों एवं जवानों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में मुख्तार मोहसिन, भा.पु.से., उप महानिरीक्षक, सुरेश सुब्रमणयम, उप महानिरीक्षक, दुर्गा बहादुर सोनार, उप महानिरीक्षक, चंद्रका हयाँकी, उप महानिरीक्षक (चिकित्सा), गोविंद सिंह भण्डारी, कमांडेंट, देबासिस पाल, कमांडेंट, कुमार सुंदरम, द्वितीय कमान अधिकारी, प्रभाकर, उप कमांडेंट, जसवीर सिंह, अधिशासी अभियंता, गोविंद सिंह बोरा, सहायक कमांडेंट तथा रितेश कुमार सिंह, सहायक अभियंता सहित अन्य अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।

SSB के इस आयोजन ने रानीखेत क्षेत्र में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से बल ने स्थानीय नागरिकों और युवाओं को राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी एवं गौरव की भावना से जुड़ने का आह्वान किया।

See also  ग्रामीण विद्यार्थियों तक पहुंच रहा आधुनिक पॉलिमर विज्ञान, रानीखेत महाविद्यालय में तीन दिवसीय ऑनलाइन कार्यशाला 17 जून से
error: Content is protected !!