नीले ड्रम में युवक की लाश से खैरथल-तिजारा में हड़कंप, पत्नी और मकान मालिक का बेटा हिरासत में
राजस्थान। खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़ बास क्षेत्र में नीले ड्रम में युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। इस खौफनाक वारदात ने मेरठ के चर्चित साहिल हत्याकांड की याद दिला दी। घटना सामने आने के बाद मृतक की पत्नी अपने तीन बच्चों के साथ फरार हो गई थी, जबकि मकान मालिक का बेटा भी गायब हो गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, ड्रम में मिले शव की पहचान हंसराज उर्फ सूरज (निवासी नवादिया नावजपुर, शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह किशनगढ़ बास स्थित एक ईंट भट्टे पर मजदूरी करता था। करीब डेढ़ महीने पहले उसने आदर्श कॉलोनी में किराये पर कमरा लिया था, जहां वह पत्नी लक्ष्मी उर्फ सुनीता और तीन बच्चों के साथ रह रहा था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक की पत्नी के मकान मालिक के बेटे जितेंद्र के साथ कथित प्रेम संबंध थे। पुलिस के मुताबिक, घटना के दिन जन्माष्टमी पर मकान मालिक की पत्नी मिथिलेश बाजार गई थीं। लौटने पर घर में न तो किराएदार परिवार मिला और न ही उनका बेटा जितेंद्र मौजूद था। अगले दिन घर से बदबू आने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस जब मकान की छत पर बने कमरे में पहुंची तो वहां एक नीले ड्रम के ऊपर पत्थर रखा मिला। ड्रम खोलने पर उसमें युवक का शव बरामद हुआ। शव को गलाने के लिए ड्रम में नमक डाले जाने की बात सामने आई है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि हंसराज की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई, इसके बाद शव को छिपाने के लिए ड्रम में बंद किया गया।
घटना के बाद फरार हुए मृतक की पत्नी और मकान मालिक के बेटे को पुलिस ने रामगढ़ के अलावड़ा स्थित एक ईंट भट्टे से हिरासत में लिया है, जहां दोनों मजदूरी के लिए गए थे।
मृतक के तीनों बच्चों को भी पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस दोनों संदिग्धों से गहन पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।




















