ताड़ीखेत में ‘लखपति दीदी’ समारोह का आयोजन, विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने कहा—महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता

Share the News

ताड़ीखेत में बीजेपी महिला मोर्चा ने आयोजित किया ‘लखपति दीदी’ समारोह, विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने महिलाओं को किया सम्मानित।

रिपोर्टर: बलवंत सिंह रावत 

रानीखेत। अल्मोड़ा जिले के ताड़ीखेत ब्लॉक में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की ओर से सोमवार को ‘लखपति दीदी समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल शामिल हुए। समारोह में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनी महिलाओं को सम्मानित किया गया और केंद्र व राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने महिलाओं के उत्थान, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं, जिनका लाभ आज बड़ी संख्या में महिलाएं उठा रही हैं।

उन्होंने कहा कि ‘लखपति दीदी योजना’ ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त कर रही हैं और अपने परिवार की आय बढ़ाने के साथ-साथ समाज के विकास में भी अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान अपने परिश्रम, लगन और उद्यमशीलता के बल पर आर्थिक स्वावलंबन हासिल करने वाली ‘लखपति दीदियों’ को विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने शॉल ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान सम्मानित महिलाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।

कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री कैलाश पंत, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री विमला रावत, जिला पंचायत सदस्य शांति उप्रेती, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष हेमा नेगी, महिला मोर्चा प्रभारी अंजू, सह प्रभारी भूमिका गोयल, पूर्व प्रमुख हिमानी नैनवाल, महिला मोर्चा जिला प्रभारी ध्यान सिंह नेगी, मंडल अध्यक्ष ललित मेहरा, मुकेश पांडे, मनजीत भगत, जिला उपाध्यक्ष गणेश राम, जिला पंचायत सदस्य बीना बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्मला आर्य तथा उत्तराखंड सरकार में सदस्य चंद्रशेखर आर्य सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।

See also  विकास कार्य सरकार की पहली प्रतिबद्धता : रेखा आर्या
error: Content is protected !!