सांसद अजय टम्टा के जन्मदिवस पर पूजा, फल वितरण और वृक्षारोपण कार्यक्रम

सांसद अजय टम्टा के जन्मदिवस पर रानीखेत में सेवा कार्यों की मिसाल, मंदिर में पूजा-अर्चना, अस्पताल में फल वितरण और वृक्षारोपण

रिपोर्टर: बलवंत सिंह रावत

रानीखेत। सांसद अजय टम्टा के जन्मदिवस के अवसर पर रानीखेत नगर में सेवा, समर्पण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने धार्मिक अनुष्ठान, मरीजों की सेवा और वृक्षारोपण जैसे जनहित के कार्य किए।

कार्यक्रम की शुरुआत पंचेश्वर महादेव मंदिर स्थित शिव मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना और हवन से हुई। इस दौरान सांसद अजय टम्टा के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल सार्वजनिक जीवन की कामना की गई। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण के लिए भी प्रार्थना की।

इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता नागरिक चिकित्सालय रानीखेत पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती मरीजों का हालचाल जाना और उन्हें फल वितरित किए। कार्यकर्ताओं ने मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस सेवा कार्यक्रम की मरीजों और उनके परिजनों ने भी सराहना की।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में अस्पताल परिसर में वृक्षारोपण किया गया। कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता गिरीश भगत, मंडल अध्यक्ष ललित मेहरा, मंडल महामंत्री उमेश पंत, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश वर्मा, डॉ. दीपक शर्मा, डॉ. जीवन प्रसाद, गिरधर सिंह बिष्ट सहित अन्य चिकित्सक, अस्पताल स्टाफ एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने सांसद अजय टम्टा को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

See also  रामनगर टाइगर्स बने टीम चैम्पियन, 60+ डबल्स में हरीश प्रसाद-अजय एलहेंस की जोड़ी रही विजेता
error: Content is protected !!