चिलियानौला नगर पालिका में श्रद्धा के साथ मनाया गया विश्वकर्मा दिवस, वाहनों-मशीनों और तकनीकी उपकरणों की हुई विशेष पूजा

चिलियानौला नगर पालिका कार्यालय में श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया विश्वकर्मा दिवस।

रिपोर्टर — बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत। चिलियानौला नगर पालिका कार्यालय परिसर में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा दिवस श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अरुण रावत एवं अधिशासी अधिकारी राजेश बुधानी ने भगवान विश्वकर्मा का विधि-विधान से आह्वान कर पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम में नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर नगर पालिका के समस्त वाहनों, मशीनों एवं तकनीकी उपकरणों की विशेष पूजा-अर्चना की गई। पूजा के दौरान पालिका के संसाधनों के बेहतर संचालन, कार्यों में सफलता तथा नगर पालिका परिवार के सभी सदस्यों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और कार्यक्षेत्र में निरंतर उन्नति की कामना की गई।

नगर पालिका परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए अपने कार्यस्थल एवं कार्य में उपयोग होने वाले उपकरणों की पूजा की। इस दौरान पालिका के वाहनों और विभिन्न मशीनों को भी विधिवत पूजन के बाद प्रसाद अर्पित किया गया।

नगर पालिका अध्यक्ष अरुण रावत ने विश्वकर्मा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा को निर्माण, शिल्प और तकनीकी कौशल का प्रतीक माना जाता है। नगर निकाय के दैनिक कार्यों में वाहनों, मशीनों और तकनीकी उपकरणों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है, इसलिए इनकी पूजा के साथ कर्मचारियों के सुरक्षित और सफल कार्य की कामना की गई।

अधिशासी अधिकारी राजेश बुधानी ने भी सभी पालिका कर्मियों को विश्वकर्मा दिवस की शुभकामनाएं दीं और नगर पालिका के कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए सभी कर्मचारियों से समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सभासद पूजा आर्य, शीला अधिकारी, नीमा मेहरा, सुंदर सिंह कुबार्बी, मनोनीत सभासद दीप चंद्राकर सहित नगर पालिका का समस्त कार्यालय स्टाफ, पर्यावरण मित्र तथा डोर-टू-डोर कचरा एकत्र करने वाले कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने पूजा-अर्चना में भाग लेकर भगवान विश्वकर्मा से नगर पालिका परिवार एवं नगर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और मंगलमय भविष्य की कामना की।

See also  अल्मोड़ा : महाविद्यालय तल्ला सल्ट में 'रेड क्रॉस यूनिट' के तत्त्वावधान में "विश्व पर्यावरण दिवस" का आयोजन
error: Content is protected !!