मानिला (अल्मोड़ा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुणीधार, मानिला में स्व-गणना की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से समझाने और डिजिटल माध्यम से आंकड़ों के संकलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
गुरुवार, 26 नवंबर को महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर पुष्पा नेगी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को स्व-गणना की प्रक्रिया की सैद्धांतिक जानकारी देने के साथ ही व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
कार्यशाला में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में राजकीय इंटर कॉलेज मानिला के गणित विषय के व्याख्याता पूरन सिंह नेगी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को स्व-गणना की उपयोगिता, इसकी प्रक्रिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सही तरीके से आंकड़े दर्ज करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्व-गणना के दौरान प्रत्येक जानकारी को सावधानीपूर्वक और सही तरीके से दर्ज करना बेहद जरूरी है। आंकड़ों की सटीकता बनाए रखने के साथ-साथ व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करना भी महत्वपूर्ण है।
प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी और सरल बनाने के लिए मुख्य प्रशिक्षक ने लाइव डेमो के माध्यम से स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि डिजिटल माध्यम से जानकारी दर्ज करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और प्रक्रिया के दौरान किस तरह की त्रुटियां सामने आ सकती हैं। साथ ही, ऐसी संभावित समस्याओं के समाधान के तरीके भी बताए, जिससे प्रतिभागी स्वयं इस प्रक्रिया को आसानी से पूरा कर सकें।
कार्यशाला में मौजूद विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी करते हुए स्व-गणना से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी जिज्ञासाएं भी रखीं, जिनका मुख्य प्रशिक्षक ने विस्तारपूर्वक समाधान किया।
कार्यक्रम में प्राध्यापक वर्ग से डॉ. गीता पन्त, डॉ. पीताम्बर दत्त पन्त, डॉ. खीला कोरंगा, डॉ. उदय शर्मा, डॉ. रवीन्द्र कुमार मिश्रा, डॉ. कविन्द्र भट्ट, डॉ. नरेश लाल एवं डॉ. महेश कुमार उपस्थित रहे।
वहीं कर्मचारी वर्ग से भूपाल सिंह, देवकी देवी, तुलसी देवी, गंगा देवी, दलीप कुमार पाल, विनोद सिंह, महेश बंगारी, मनोज राम, कमल सिंह रावत एवं महेन्द्र सिंह सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कार्यशाला में प्रतिभाग किया।
कार्यशाला के माध्यम से महाविद्यालय परिवार को स्व-गणना की डिजिटल प्रक्रिया, आंकड़ों की शुद्धता और गोपनीयता के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।






