मानिला महाविद्यालय में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की दी जानकारी

नशे के खिलाफ मानिला महाविद्यालय की पहल, पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को किया जागरूक

पुलिस अधिकारियों ने युवाओं को नशे से दूर रहने का किया आह्वान, प्राचार्य डॉ. पुष्पा नेगी ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए किया प्रेरित

मानिला (अल्मोड़ा)। युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने और समाज में नशामुक्त वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मानिला में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के एंटी ड्रग एवं धूम्रपान निषेध प्रकोष्ठ के तत्वावधान में किया गया। इसमें विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी और नशे से संबंधित कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से नशे से पूरी तरह दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें अपनी ऊर्जा एवं क्षमता का उपयोग सकारात्मक कार्यों तथा राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. नरेश ने कहा कि नशा केवल किसी एक व्यक्ति की समस्या नहीं है, बल्कि यह परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य से जुड़ी गंभीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि नशे की शुरुआत अक्सर शौक, जिज्ञासा अथवा मित्रों के दबाव में होती है, लेकिन धीरे-धीरे यह गंभीर लत का रूप ले लेती है। इससे व्यक्ति का स्वास्थ्य, शिक्षा, करियर और पारिवारिक जीवन प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. पुष्पा नेगी ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय संबोधन में विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने जीवन में सकारात्मक सोच विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार, जागरूक और बेहतर नागरिक बनाना भी है। नशामुक्त समाज के निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं कर्मचारियों ने भी सहभागिता की। इस दौरान डॉ. गीता पंत, डॉ. पीताम्बर पंत, डॉ. प्रियंका, डॉ. खिला कोरंगा, डॉ. महेश कुमार, डॉ. कविंद्र भट्ट, डॉ. रवींद्र कुमार मिश्रा सहित अन्य प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और स्वयं नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।

See also  उत्तराखंड में सरकारी कर्मचारियों के ट्रांसफर पर सामने आया बड़ा अपडेट
error: Content is protected !!