रानीखेत में युवक की निर्मम हत्या, एक महिला का रेत दिया गला; दूसरी का सिर फोड़ा
रानीखेत के ऐना गांव में एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई, जबकि उसे बचाने आईं दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हत्यारोपित ने धारदार हथियार से दिय वारदात को अंजाम।
ग्रामीणों का कहना है कि मारने वाले को हमारे सामने लाया जाए, हत्यारोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया
रिपोर्टर : बलवंत सिंह रावत
रानीखेत। ऐना गांव में देर शाम वारदात से दहशत, एक महिला का गला रेता गया, दूसरी के सिर पर गंभीर चोट; पुलिस सभी पहलुओं पर जांच में जुटी
ऐना (रानीखेत)। अल्मोड़ा जिले के रानीखेत तहसील अंतर्गत द्वाराहाट ब्लॉक के सुदूर ऐना गांव में शुक्रवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे 19 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि उसे बचाने आईं दो महिलाओं पर भी हमलावर ने जानलेवा हमला कर दिया। एक महिला का गला रेत दिया गया, जबकि दूसरी के सिर पर गंभीर चोट पहुंची। दोनों घायलों का गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय में उपचार चल रहा है, जिनमें एक की हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, सिमोली गांव निवासी चंदन सिंह का 19 वर्षीय पुत्र सागर सिंह पिछले करीब दस दिनों से अपनी बुआ जानकी देवी के घर ऐना गांव में रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह मेरठ में पढ़ाई करता था और सेना में भर्ती की तैयारी के सिलसिले में गांव आया हुआ था।
शुक्रवार रात करीब आठ बजे जानकी देवी और उनकी चचिया सास सावित्री देवी उर्फ सबुली देवी घर में भोजन बना रही थीं। इसी दौरान काले कपड़े पहने एक युवक अचानक घर में घुस आया और सागर सिंह पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में सागर संभल भी नहीं सका और गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
सागर की चीख-पुकार सुनकर उसे बचाने दौड़ी उसकी बुआ जानकी देवी और चचिया सास सबुली देवी पर भी हमलावर ने हमला कर दिया। हमले में जानकी देवी के सिर पर गहरी चोट लगी, जबकि सबुली देवी का गला धारदार हथियार से गंभीर रूप से कट गया। गंभीर रूप से घायल सागर सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने आरोपी का पीछा करने के बजाय गंभीर रूप से घायल महिलाओं को तत्काल वाहन से गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार जानकी देवी के सिर पर छह टांके लगाए गए हैं, जबकि सबुली देवी को गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक हरबंश सिंह और क्षेत्राधिकारी भावना कैंथोला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने फोरेंसिक साक्ष्य भी एकत्र किए हैं।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी, लूटपाट समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि हमलावर काले कपड़े पहने हुए था, लेकिन उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पूरे ऐना गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण घटना से सहमे हुए हैं और पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही मामले के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।

