देहरादून में सनसनी: POCSO आरोपी की दोस्तों ने बेसबॉल बैट से हत्या, शव ठिकाने लगाने को हरिद्वार ले गए
देहरादून। राजधानी देहरादून में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बसंत विहार थाना क्षेत्र के रेसकोर्स इलाके में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है।
POCSO एक्ट के एक आरोपी युवक दिगंबर धीमान की उसके ही तीन करीबी दोस्तों ने कथित तौर पर नशे की हालत में बेसबॉल बैट से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपी शव को ठिकाने लगाने के लिए हरिद्वार ले गए। फिलहाल तीनों फरार हैं, हालांकि पुलिस ने उनकी लोकेशन ट्रेस कर ली है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
9 फरवरी से लापता था युवक
जानकारी के अनुसार 9 फरवरी को दिगंबर धीमान अपने पिता के साथ देहरादून कोर्ट में POCSO मामले में पेशी के लिए पहुंचा था। कोर्ट रजिस्टर में उसके हस्ताक्षर दर्ज हैं, लेकिन उस दिन पेशी नहीं हो सकी। कोर्ट से निकलते समय उसने पिता को घर भेज दिया और कहा कि वह दोस्तों के साथ जा रहा है और शाम तक लौट आएगा। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा।
परिजनों ने कई दिनों तक तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार 11 फरवरी को पिता ने नगर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई।
शराब पार्टी में हुआ विवाद, हत्या में बदला
पुलिस जांच में सामने आया कि दिगंबर अपने तीन दोस्तों के साथ रेसकोर्स की गड्ढों वाली गली में शराब पार्टी कर रहा था। चारों युवक नशे में थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया। आरोप है कि झगड़े के दौरान एक युवक ने बेसबॉल बैट से दिगंबर के सिर पर जोरदार वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव ठिकाने लगाने की कोशिश
हत्या के बाद घबराए आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने की नीयत से हरिद्वार की ओर ले जाकर छिपाने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़ते हुए आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना कर दी गई है।
बसंत विहार थाना प्रभारी अशोक राठौड़ के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि हो चुकी है। शव की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द पूरे मामले का खुलासा करने की बात कह रही है।




















