रानीखेत। पीजी कॉलेज रानीखेत में ‘स्वामी विवेकानन्द का युवाओं को संदेश’ विषय पर एक विशेष अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में स्वामी विवेकानन्द राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लोहाघाट के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रकाश लखेड़ा ने छात्रों को संबोधित किया।
डॉ. लखेड़ा ने अपने वक्तव्य में कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए युवाओं को सबसे पहले अपने चरित्र का निर्माण करना होगा। उन्होंने सेवा, समर्पण, संयम, अनुशासन, एकाग्रता, ध्यान और साहस को मजबूत चरित्र के आधार बताते हुए युवाओं को इन मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने यह भी कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के शीर्ष नेता स्वामी विवेकानन्द के विचारों से प्रेरित होकर ही देश को आजादी दिलाने में सफल हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य डॉ. पीएन तिवारी ने की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के व्याख्यान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक और उत्साहवर्धक होते हैं। उन्होंने डॉ. लखेड़ा को महाविद्यालय की ओर से शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर करियर काउंसिलिंग सेल द्वारा छात्रों को रोजगार से जोड़ने हेतु एक विशेष सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें मल्टीनेशनल जापानी कंपनी ‘जेटी ईकेटी इंडिया लिमिटेड’ गुरुग्राम से आए प्रतिनिधि संजय यादव और तरुण द्वार ने छात्रों को प्रशिक्षण, रोजगार अवसर और ‘लर्न एंड अर्न’ पॉलिसी के बारे में जानकारी दी। इस दौरान कई छात्रों ने रोजगार के लिए पंजीकरण भी कराया।
कार्यक्रम में डॉ. निर्मला जोशी, डॉ. प्राची जोशी, डॉ. बृजेश कुमार जोशी, डॉ. भारत पांडे, डॉ. पारुल भारद्वाज, डॉ. आरती, डॉ. कोमल गुप्ता, डॉ. धीरज खाती, डॉ. दीपाली, डॉ. आस्था अधिकारी, डॉ. राहुल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

