अल्मोड़ा के सल्ट में बाघ का कहर: जंगल से आधा शव मिलने पर दहशत

अल्मोड़ा। जिले के सल्ट क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।

तल्ला सल्ट के ग्राम तड़म (बेलम) निवासी खीम सिंह को बाघ ने अपना शिकार बना लिया।

बताया जा रहा है कि खीम सिंह जंगल की ओर गए थे, जहां उन पर घात लगाकर बाघ ने हमला कर दिया।

काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान जंगल में उनका आधा क्षत-विक्षत शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और गांव में दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में लंबे समय से बाघ की आवाजाही की सूचना दी जा रही थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाएं पहाड़ में मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता को दिखाती हैं। लोगों ने प्रशासन से बाघ को पकड़ने, क्षेत्र में पिंजरे लगाने और नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय लोगों ने सरकार से पीड़ित परिवार को मुआवजा और क्षेत्र की सुरक्षा के लिए तत्काल सख्त कदम उठाने की मांग की है।

See also  डोर-टू-डोर गैस सप्लाई फेल: हफ्तेभर बाद भी नहीं मिल रहे सिलेंडर, लोगों में रोष
error: Content is protected !!