भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र में राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु इन दिनों लगातार जनसंपर्क अभियान में सक्रिय नजर आ रहे हैं।
वे क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों का कुशलक्षेम जानने के साथ-साथ उनकी समस्याओं को सुन रहे हैं और उनके समाधान को लेकर चर्चा कर रहे हैं।
पनेरु का यह जनसंपर्क अभियान राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज होने लगी है।
ऐसे में उनका लगातार गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद करना और सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेना चुनावी तैयारियों के रूप में भी देखा जा रहा है।
इसी क्रम में हरीश पनेरु ने विकासखंड ओखलकांडा के ग्राम जमराड़ी में आयोजित रां घाटी क्रिकेट क्लब 2026 टूर्नामेंट में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
खेल न केवल प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा भी प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की।
इस मौके पर ओखलकांडा के जिला पंचायत सदस्य प्रमोद कोटलिया सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और ग्रामीण उपस्थित रहे।
इसके अलावा पनेरु ने विकासखंड धारी के ग्राम परबड़ा के कसियालेख में प्रताप सिंह की सुपुत्री के विवाह अवसर पर आयोजित महिला संगीत कार्यक्रम में भी भाग लिया। उन्होंने परिवार को शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्रीय लोगों से मुलाकात की और सामाजिक तथा स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की।
हरीश पनेरु का कहना है कि उन्हें क्षेत्र की जनता का अपार स्नेह और समर्थन मिल रहा है।
वे लगातार गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद कर रहे हैं और क्षेत्र की समस्याओं को समझने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि भविष्य में उनके समाधान के लिए ठोस प्रयास किए जा सकें।
गौरतलब है कि क्रिकेट प्रतियोगिताओं, सामाजिक कार्यक्रमों और शादी-विवाह जैसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी के जरिए हरीश पनेरु लगातार जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।
क्षेत्र के ग्रामीणों से संवाद और जनसंपर्क के माध्यम से वे आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक रणनीति को भी मजबूत करने में जुटे हुए हैं।

