होली के बीच दर्दनाक घटना: खेत में मिले प्रेमी युगल के शव, जहर खाकर आत्महत्या की आशंका

Share the News

होली के त्योहार के बीच एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।

बिहार के जहानाबाद जिले में हुलासगंज थाना क्षेत्र के मुरगांव पंचायत स्थित प्राण बीघा गांव के बधार (खेत) में बुधवार सुबह एक प्रेमी युगल के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतकों की पहचान गांव के 25 वर्षीय राजीव कुमार और उसकी प्रेमिका के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब छह महीने पहले दोनों अचानक घर से फरार हो गए थे। इसके बाद युवती के परिजनों ने हुलासगंज थाने में राजीव के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था। करीब एक सप्ताह पहले युवती अपने घर लौट आई थी, जबकि राजीव पुलिस के डर से फरार बताया जा रहा था।

बुधवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए तो नीम के पेड़ के नीचे दोनों के शव पड़े मिले। घटनास्थल से विषैले रसायन के डिब्बे बरामद हुए हैं, जिससे प्राथमिक तौर पर जहर खाकर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। वहीं पास में एक मोबाइल फोन भी मिला है जिसे पूरी तरह तोड़ दिया गया था।

ग्रामीणों का अनुमान है कि राजीव रात के अंधेरे में गांव पहुंचा और अपनी प्रेमिका को खेत में बुलाया, जहां दोनों ने साथ में जहर खा लिया। हालांकि घटना के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

सूचना मिलते ही हुलासगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटा रही है।

होली के मौके पर हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक और तनाव का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस प्रेम प्रसंग, आत्महत्या और ऑनर किलिंग समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

See also  धौलादेवी में 2 दिवसीय सहायक अध्यापक फॉलोअप प्रशिक्षण सफलता पूर्वक सम्पन्न 
error: Content is protected !!