उत्तराखंड में एक कार्यक्रम के दौरान हरियाणवी गायक मासूम शर्मा द्वारा कथित अभद्र भाषा के प्रयोग को लेकर विवाद गहराता जा रहा है।
जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष खष्टी बिष्ट ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए आयोजकों और सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पावन भूमि और सांस्कृतिक परंपराओं का सम्मान होना चाहिए, लेकिन इसके विपरीत डीएवी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर प्रदेश को शर्मसार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोजकों ने प्रदेश के प्रसिद्ध सांस्कृतिक कलाकारों जैसे पवनदीप राजन, नरेंद्र नेगी, जुबिन नौटियाल, मीना राणा और माया उपाध्याय जैसे प्रतिष्ठित नामों को नजरअंदाज कर अशोभनीय प्रस्तुति देने वाले कलाकार को मंच दिया।
खष्टी बिष्ट ने कहा कि “कर्म ही पूजा” और संस्कृति की धरोहर वाले प्रदेश में इस तरह की घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम में मौजूद जिम्मेदार लोग और जनप्रतिनिधि मूकदर्शक बने रहे, जो और भी चिंताजनक है।
उन्होंने युवाओं में बढ़ती ऐसी प्रवृत्तियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि समाज को कुसंस्कारी और अश्लील सामग्री से दूर रखने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।
साथ ही सरकार से मांग की कि इस मामले में उचित कार्रवाई कर भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जाए।

