उत्तराखंड के पहले 48 घंटे ट्रेल्स प्लस अल्ट्रा रन का शुभारंभ, 21 धावकों ने लिया हिस्सा
रिपोर्टर: बलवंत सिंह रावत
रानीखेत। उत्तराखंड में एडवेंचर और एंड्योरेंस स्पोर्ट्स को नई पहचान दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल करते हुए रानीखेत माउंटेनियरिंग एंड आउटडोर क्लब द्वारा आयोजित राज्य के पहले 48 घंटे ट्रेल्स प्लस अल्ट्रा रन “द ट्रांस लूप्स” का शनिवार को नरसिंह स्टेडियम, रानीखेत से भव्य शुभारंभ हुआ।
प्रतियोगिता को संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत दीक्षिता जोशी (आईएएस) और कुमाऊँ रेजीमेंटल सेंटर के लेफ्टिनेंट कर्नल गुरप्रीत सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह आयोजन उत्तराखंड में अपनी तरह का पहला 48 घंटे ट्रेल्स प्लस अल्ट्रा रन है, जिसका उद्देश्य प्रदेश में एंड्योरेंस स्पोर्ट्स और एडवेंचर रनिंग को बढ़ावा देना तथा रानीखेत को राष्ट्रीय स्तर पर एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए कुल 21 धावक हिस्सा ले रहे हैं, जो लगातार निर्धारित समय तक अपनी शारीरिक क्षमता, मानसिक मजबूती और धैर्य की कठिन परीक्षा देंगे।
प्रतियोगिता में 48 घंटे वर्ग के सबसे वरिष्ठ प्रतिभागी 67 वर्षीय पांडियान शिवाबालन (कोयम्बटूर, तमिलनाडु) हैं, जबकि 24 घंटे वर्ग के सबसे युवा प्रतिभागी 20 वर्षीय कृष्णा (दिल्ली) हैं। सभी प्रतिभागी चुनौतीपूर्ण ट्रेल्स पर अपनी सहनशक्ति का प्रदर्शन करेंगे।
इस अवसर पर रानीखेत माउंटेनियरिंग एंड आउटडोर क्लब के अध्यक्ष सुमित गोयल ने आयोजन में सहयोग देने वाली संस्था The Endurance Collective की पूरी टीम का स्वागत करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता उत्तराखंड में एंड्योरेंस स्पोर्ट्स के लिए नई शुरुआत साबित होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता बनेगा और रानीखेत को एडवेंचर एवं एंड्योरेंस स्पोर्ट्स की नई पहचान दिलाएगा।
The Endurance Collective की संस्थापक विनीता जैन और कैप्टन मनीष सिंह (सेवानिवृत्त) ने कहा कि रानीखेत का प्राकृतिक सौंदर्य, शांत वातावरण और अनुकूल मौसम इसे ट्रेल रनिंग और एंड्योरेंस स्पोर्ट्स के लिए आदर्श बनाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में देशभर के धावकों के लिए यह प्रतियोगिता प्रमुख आकर्षण बनेगी।
फ्लैग ऑफ समारोह में बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों, स्थानीय नागरिकों और विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन समिति का मानना है कि इस पहल से रानीखेत में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ साहसिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।
इस दौरान क्लब के उपाध्यक्ष हिमांशु, देवांशु साह गंगोला, जीवन कुवार्बी, श्याम फर्त्याल, गोविंद सिंह बिष्ट, गौरव पांडेय, बॉबी नवाब, अशोक मेहरोत्रा, विनोद खुल्वे, पंकज सती, सोनू सिद्दीकी तथा फोटोग्राफी टीम के एंजिला नवाब, अमोग बिष्ट और भार्गव जोशी सहित अनेक पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक मौजूद रहे।

