शादी से ठीक पहले महिला कांस्टेबल के अपहरण का दावा, हिस्ट्रीशीटर पर केस दर्ज, नहीं आई बारात
मेरठ के मवाना थाना क्षेत्र में शादी से ठीक एक दिन पहले महिला कांस्टेबल के लापता होने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने मवाना थाने के हिस्ट्रीशीटर ठाकुर अंकित चौहान पर तमंचे के बल पर अपहरण करने का आरोप लगाया है।
घटना शनिवार रात करीब आठ बजे अकबरपुर सादात गांव की बताई जा रही है। रविवार को महिला कांस्टेबल की शादी होनी थी और बारात मुजफ्फरनगर से आने वाली थी।
पीड़िता अकबरपुर सादात निवासी है और यूपी पुलिस में 2020 बैच की कांस्टेबल है। वर्तमान में उसकी तैनाती अलीगढ़ में साइबर हेल्प डेस्क पर है।
महिला कांस्टेबल की शादी मीरापुर थाना क्षेत्र के खेड़ी सराय गांव निवासी कांस्टेबल से तय हुई थी। दोनों की मुलाकात ड्यूटी के दौरान हुई थी, जिसके बाद परिजनों ने विवाह तय किया था।
परिजनों के अनुसार, आरोपी हिस्ट्रीशीटर ठाकुर अंकित चौहान तमंचा लेकर घर पहुंचा और जबरन महिला कांस्टेबल को अपने साथ ले गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर तीन टीमों का गठन किया। एसएसपी अविनाश पांडेय ने मामले का संज्ञान लेते हुए स्वाट टीम समेत कई टीमें गठित कर दीं।
आसपास के जिलों में अलर्ट जारी किया गया और आरोपी के परिजनों व परिचितों से पूछताछ की गई। पुलिस ने दर्जनभर स्थानों पर दबिश दी।
लगातार दबाव के बाद रविवार शाम महिला कांस्टेबल को दिल्ली से बरामद कर लिया गया। इसके बाद उसे सीओ मवाना कार्यालय लाकर पूछताछ की गई।




















