हल्द्वानी गल्ला मंडी में एमबीपीजी कॉलेज की छात्रा की निर्मम हत्या, क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी
गल्ला मंडी दोहरे हत्याकांड पर हरीश पनेरु का बयान, पीड़ित परिवारों के लिए न्याय की उठाई आवाज
हल्द्वानी। हल्द्वानी की गल्ला मंडी क्षेत्र में ओखलकांडा के मल्ली पोखरी निवासी कु. लक्ष्मी और एक युवक की निर्मम हत्या की घटना को राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक बताया है।
उन्होंने कहा कि यह घटना पूरे समाज को झकझोर देने वाली है और इससे आम लोगों में भय का माहौल पैदा हो रहा है।
हरीश पनेरु ने दुख की इस घड़ी में दोनों पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान हो। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज में मानवता को शर्मसार करती हैं।
राज्य आंदोलनकारी ने प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की कि इस जघन्य हत्याकांड का शीघ्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से खुलासा किया जाए।
साथ ही दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाकर यह संदेश दिया जाए कि अपराध करने वालों के लिए कानून से बच पाना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि समाज में कानून का भय और न्याय पर लोगों का विश्वास बना रहना बेहद जरूरी है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।




















