स्कॉलर्स होम भुजान में ‘मेरे सपनों का विकसित भारत’ कार्यक्रम का आयोजन, पांच प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत स्कॉलर्स होम भुजान में “मेरे सपनों का विकसित भारत” पर पाँच प्रतियोगिताएँ संपन्न, सुबह से ही बच्चों में दिखा गजब का उत्साह।

रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत/भुजान। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत स्कॉलर्स होम भुजान में सोमवार, 28 सितंबर 2026 को ‘मेरे सपनों का विकसित भारत’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत विद्यालय में विभिन्न रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

यह कार्यक्रम पूर्व में 26 सितंबर को प्रस्तावित था, लेकिन लगातार बारिश के कारण अवकाश होने से प्रतियोगिताएं स्थगित करनी पड़ी थीं। इसके बाद सभी प्रतियोगिताओं को सोमवार को एक साथ संपन्न कराया गया। मौसम की बाधाओं के बावजूद सुबह से ही विद्यार्थियों में प्रतियोगिताओं को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला और विद्यालय परिसर में चहल-पहल बनी रही।

कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक वर्ग ड्राइंग, जूनियर वर्ग ड्राइंग, पेंटिंग, निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिता सहित कुल पांच प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, विचारशीलता और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।

आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं के नाम इस प्रकार रहे।

प्राथमिक वर्ग ड्राइंग प्रतियोगिता: प्रथम दक्ष गौनी, द्वितीय तनुश्री और तृतीय दिया बिष्ट।

जूनियर वर्ग ड्राइंग प्रतियोगिता: प्रथम ईश्वर सिंह, द्वितीय नक्ष और तृतीय कृष विश्वास।

पेंटिंग प्रतियोगिता: प्रथम गौरांशी लोहनी, द्वितीय हर्षिता और तृतीय साक्षी नेगी।

निबंध लेखन प्रतियोगिता: प्रथम कृष विश्वास और द्वितीय गौरांशी लोहनी।

भाषण प्रतियोगिता के परिणामों की जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में हेमलता लोहनी, तनुजा, सिमरन, तबस्सुम, दीक्षा और आनंद खाती का विशेष सहयोग रहा। सभी के समन्वित प्रयासों से प्रतियोगिताओं का आयोजन व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के अंत में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य हेमचंद लोहनी और भूतपूर्व प्रधान बचे सिंह अमेरा ने प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी रचनात्मकता और प्रतिभा की सराहना की गई।

युवा शक्ति विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत: हेमचंद लोहनी

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य हेमचंद लोहनी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश के भविष्य के निर्माता हैं। उनमें शिक्षा, रचनात्मकता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना आवश्यक है।

उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और देश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़ने और उनके भीतर राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

See also  आईपीएस केवल खुराना का निधन, इन कामों से बनाई खास पहचान
error: Content is protected !!