चौखुटिया व तड़ागताल का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, पर्यटन और खेल सुविधाओं के समन्वित विकास पर जोर

अल्मोड़ा। जनपद के चौखुटिया एवं तड़ागताल क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने विस्तृत निरीक्षण भ्रमण किया। इस दौरान तड़ागताल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर गंभीरता से मंथन किया गया।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि तड़ागताल को झील के रूप में विकसित किए जाने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में भी ठोस पहल संभव हो सकेगी।

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन सड़क कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने आबादी के बीच स्थित बिजली के खंभों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की मांग भी उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने स्थानीय चाय स्टॉल पर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने माता अगनेरी देवी मंदिर में दर्शन कर मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए आवश्यक कार्य कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने चौखुटिया स्थित अगनेरी एवं बाखली खेल मैदान का भी निरीक्षण कर खिलाड़ियों से संवाद किया। उन्होंने एक खेल मैदान को सुविधायुक्त मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित करने की संभावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि खेल और पर्यटन एक-दूसरे के पूरक हैं। दोनों क्षेत्रों के समन्वित विकास से स्थानीय युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सुनील कुमार, बीडीओ ममता कार्की, ब्लॉक प्रमुख चेतना नेगी सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

See also  नैनीताल : पुलिस कप्तान मीणा ने अपनाया कड़ा रुख,लापरवाही बरतने वाले 6 चौकी प्रभारी सहित 10 कार्मिको को किया लाइन हाजिर
error: Content is protected !!